Mumbai Indians: मुंबई इंडियंस की टीम इंडियन प्रीमियर लीग इतिहास की सर्वश्रेष्ठ टीमों में शुमार हैं। इस फ्रेंचाइजी ने अब तक आईपीएल में पांच खिताबों पर कब्जा किया है, लेकिन पिछले कुछ सीजन इस टीम के लिए काफी भारी रहे हैं।

टीम साल 2020 के बाद से एक भी बार खिताब नहीं जीत पाई है। हालांकि, इसी टीम का एक खिलाड़ी इस समय शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में खेल रहा है, जिसने अपने बल्ले के दम पर विरोधी टीम के खेमे में हाहाकार मचा दिया।

मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी का तांडव

शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के दूसरे संस्करण में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज नमनधीर भी खेल रहे हैं। इस लीग में वह अमृतसर सूरमास की कप्तानी कर रहे हैं और मोहाली किंग्स के खिलाफ उन्होंने आतिशी पारी खेली।

उन्होंने इस मैच में सिर्फ 64 गेंदों का सामना किया और 173 रन जड़ दिए। नमन की इस तूफानी पारी में 16 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। जबकि उनकी टीम इस पारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 279 रन बनाने में कामयाब रही।

37 गेंदों पर ठोका शतक

लीग के 18वें मैच में मोहाली किंग्स के कप्तान रमनदीप सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो उनके पक्ष में बिल्कुल नहीं गया। पहले बैटिंग करने उतरी अमृतसर सूरमास के लिए कप्तान नमन धीर ओपनिंग करने उतरे और पहली गेंद से ही उन्होंने आक्रमण करना शुरू कर दिया था।

नमन ने मोहली के हर गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया और मात्र 37 गेंदों में तूफानी शतक ठोक दिया। शतक पूरा करने के बाद भी नमन ने प्रहार करना जारी रखा और अंत में 64 गेंद पर 173 रन बनाकर आउट हुए। इस मैच में नमन का स्ट्राइक रेट 270.31 का था। वहीं, अमृतसर ने इस मैच को 67 रन से जीत लिया तो नमनधीर को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।

मुंबई के लिए खेलते हैं नमनधीर

दाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज नमनधीर इंडियन प्रीमियर लीग में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हैं। साल 2024 के ऑक्शन में मुंबई ने नमन को 20 लाख की बेस प्राइज पर खरीदा था और उन्होंने उस सीजन खेले 7 मैचों में 177.21 के स्ट्राइक रेट से 140 रन बनाए थे।

इस सीजन के बाद टीम मैनेजमेंट ने धीर को रिलीज कर दिया था, लेकिन आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में मुंबई ने अपने इस बल्लेबाज के लिए राइट-टू-मैच का यूज किया था। खास बात ये है कि नमन एकमात्र बल्लेबाज थे, लेकिन लिए एमआई ने RTM का इस्तेमाल किया था और 5.25 की भारी-भरकम राशि देकर दोबारा अपने दल का हिस्सा बनाया।

ये भी पढ़ें- राशिद खान अंदर, नवीन-उल-हक बाहर! भारत के खिलाफ पहले टी20 में खेल सकते हैं ये 3 अफगानिस्तानी खिलाड़ी