Prayagraj Lete Hanuman Ganga Snan Video: चरण पखारे गंगे मैया, सोहे श्री हनुमान..प्रयागराज की पावन धरती पर रविवार तड़के एक अद्भुत नजारा देखने को मिला. संगम तट पर विराजमान लेटे हुए हनुमान जी के मंदिर तक मां गंगा का पानी पहुंच गया. गंगा का पानी मंदिर की सीढ़ियों से छल-छल कर बहता हुआ गर्भगृह तक पहुंचा और लेटे हुए हनुमान जी का स्नान कराया. मंदिर में मौजूद पुजारियों ने इस दौरान पूजा-अर्चना की और मां गंगा व हनुमान जी के जयकारे लगाए. इस पूरे दृश्य का वीडियो भी सामने आया है.

पिछले कुछ दिनों से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. नेपाल में आई भीषण बाढ़ और हिमालयी इलाकों में हो रही बारिश के बीच गंगा किनारे बसे उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों में नदी का पानी बढ़ा है. इसी बढ़ते जलस्तर का असर प्रयागराज में भी देखने को मिला.रविवार तड़के गंगा का पानी संगम तट स्थित लेटे हुए बड़े हनुमान मंदिर तक पहुंच गया. पहले पानी मंदिर की सीढ़ियों तक आया और फिर सीढ़ियों से छल-छल करता हुआ मंदिर के अंदर पहुंचने लगा. देखते ही देखते गंगा का पानी गर्भगृह तक पहुंच गया और लेटे हुए हनुमान जी की प्रतिमा का स्नान हो गया.

मंदिर में गूंजे जयकारे

मंदिर में गंगा का पानी पहुंचने के दौरान पुजारियों और स्थानीय लोगों ने पूजा-अर्चना की. श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ इस पूरे दृश्य को देखते नजर आए. पूजा के बाद मां गंगा और लेटे हुए हनुमान जी के जयकारे लगाए गए.इस दौरान कई लोगों ने इस अद्भुत दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसमें मंदिर की सीढ़ियों से गंगा का पानी अंदर आता हुआ दिखाई दे रहा है.

सुबह 3:45 बजे मंदिर तक पहुंचा पानी

प्रयागराज के श्री बड़े हनुमान जी मंदिर संगम प्रयाग के फेसबुक पेज पर भी इससे जुड़ी तस्वीरें और वीडियो शेयर की गई हैं. पोस्ट में बताया गया कि रविवार 30 अगस्त 2026 को सुबह 3:45 बजे मां गंगा ने संगम तट पर विराजमान श्री बड़े हनुमान जी महाराज को स्नान कराया.पोस्ट में इस पल को प्रयागराज और हनुमान भक्तों के लिए सौभाग्यशाली और मंगलकारी बताया गया. मंदिर से जुड़े लोगों ने इस दृश्य को मां गंगा का आशीर्वाद बताया और पूजा-अर्चना की.

प्रयागराज ही नहीं, इन शहरों में भी बढ़ा गंगा का पानी

गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर प्रयागराज के अलावा वाराणसी और बिहार के कई जिलों में भी दिखाई दे रहा है. बक्सर, पटना और मुंगेर जैसे गंगा किनारे बसे इलाकों में भी पानी का फैलाव बढ़ा है.नेपाल में आई बाढ़ और हिमालयी इलाकों में हो रही बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है. इसी वजह से गंगा के किनारे बसे शहरों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ी हुई है.

VIDEO में देखें मां गंगा और बड़े हनुमान जी का अद्भुत नजारा

सामने आए वीडियो में गंगा का पानी मंदिर की सीढ़ियों से बहता हुआ गर्भगृह की ओर जाता दिखाई दे रहा है. इस दौरान मंदिर में मौजूद पुजारी पूजा करते नजर आ रहे हैं. मां गंगा का पानी जब लेटे हुए हनुमान जी तक पहुंचा तो मंदिर में जयकारे गूंज उठे.प्रयागराज के संगम तट का यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति से जुड़ा खास पल बन गया है.

 
 
 
View this post on Instagram
 
 
 

A post shared by Shri Bade Hanuman Ji Mandir (@shreebadehanumanji)