Aaj Ka Mausam 28 August 2026: रक्षाबंधन के त्योहार पर देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। हालांकि, दिल्ली में रक्षाबंधन के दिन बारिश की संभावना कम जताई गई है और राजधानी में मौसम साफ रहने का अनुमान है।मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 28 अगस्त को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रह सकता है। 

वहीं, पहाड़ी राज्यों में बारिश का असर जारी रहेगा। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में आने वाले दिनों में तेज बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 27 अगस्त से 1 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश का अनुमान है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 31 अगस्त और 1 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी यूपी में 27 अगस्त और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 27 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 1 सितंबर तक बारिश हो सकती है।इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बिहार, बंगाल और ओडिशा में बारिश का अलर्ट

पूर्वी भारत में भी मानसून सक्रिय रहने वाला है। बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और सिक्किम में 27 अगस्त से 1 सितंबर तक बारिश होने की संभावना है।
बिहार में 27 और 29 अगस्त को कई इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं, ओडिशा में 29 अगस्त से 1 सितंबर के बीच कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। बिहार में तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि ओडिशा में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश में 27 अगस्त से 1 सितंबर तक और असम-मेघालय में 28 अगस्त से 1 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है।नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कई इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

गुजरात से केरल तक बारिश का असर

पश्चिम और दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश देखने को मिल सकती है। गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और सौराष्ट्र-कच्छ में बारिश का अनुमान है।
दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।मौसम विभाग ने समुद्री इलाकों में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में तेज हवाओं के चलते लोगों को समुद्र में जाने से बचने की चेतावनी जारी की गई है।