Railway Mega Plan: देश के सबसे व्यस्त रेल रूटों को अब 4 लेन सुपरफास्ट नेटवर्क में बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। रेलवे ने 7 हाई डेंसिटी रेल कॉरिडोर को अपग्रेड करने का प्लान तैयार किया है। इससे वंदे भारत, तेजस और राजधानी जैसी ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी और यात्रियों को लंबी देरी से राहत मिलेगी।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देश के 7 सबसे व्यस्त रेल मार्गों को चार ट्रैक वाले सुपरफास्ट रेल नेटवर्क में बदलने की योजना का ऐलान किया है। इन रूटों की कुल लंबाई करीब 11 हजार किलोमीटर होगी। खास बात यह है कि देश के कुल रेल नेटवर्क का केवल 16 प्रतिशत हिस्सा होने के बावजूद इन मार्गों से करीब 41 प्रतिशत यात्री सफर करते हैं।इस योजना के पूरा होने के बाद दिल्ली, मुंबई, पटना, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज समेत देश के 50 से ज्यादा बड़े शहरों को फायदा मिलने की उम्मीद है। हालांकि यह बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट नहीं होगा, लेकिन इन रूटों पर चलने वाली ट्रेनों की रफ्तार काफी बढ़ जाएगी।

कौन-कौन से 7 रेल रूट होंगे अपग्रेड?

रेलवे ने जिन सात प्रमुख रेल कॉरिडोर को सुपरफास्ट नेटवर्क बनाने का प्लान तैयार किया है, उनमें शामिल हैं-

  • दिल्ली-हावड़ा रेल रूट
  • हावड़ा-चेन्नई रेल रूट
  • चेन्नई-मुंबई रेल रूट
  • मुंबई-दिल्ली रेल रूट
  • दिल्ली-चेन्नई रेल रूट
  • मुंबई-हावड़ा रेल रूट
  • दिल्ली-गुवाहाटी रेल रूट

ट्रेनों की लेटलतीफी होगी कम

अभी इन व्यस्त रेल मार्गों पर ट्रेनों की संख्या ज्यादा होने के कारण सुपरफास्ट ट्रेनों को कई जगह रुकना पड़ता है। नई योजना के तहत अतिरिक्त ट्रैक बनने से ट्रेनों के संचालन में आसानी होगी।वंदे भारत, राजधानी, तेजस जैसी प्रीमियम ट्रेनों को अलग से बेहतर रास्ता मिलेगा, जिससे उनकी यात्रा का समय कम हो सकता है। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान स्पेशल ट्रेन चलाने में भी रेलवे को सुविधा मिलेगी।

मालगाड़ियों की रफ्तार भी बढ़ेगी

रेलवे के इस प्रोजेक्ट से सिर्फ यात्रियों को ही नहीं बल्कि माल ढुलाई को भी फायदा मिलेगा। कोयला, सीमेंट, स्टील और कंटेनर ले जाने वाली मालगाड़ियां तेजी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगी।इससे लॉजिस्टिक्स खर्च कम होगा और उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

दिल्ली-हावड़ा रूट से कानपुर और प्रयागराज को फायदा

देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में शामिल दिल्ली-हावड़ा रूट पर नई व्यवस्था लागू होने से उत्तर प्रदेश के कई बड़े शहरों को फायदा मिलेगा।इस रूट में नई दिल्ली, अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, डीडीयू जंक्शन, गया, पटना, धनबाद और हावड़ा जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

दिल्ली-गुवाहाटी रूट से लखनऊ-गोरखपुर को फायदा

दिल्ली-गुवाहाटी रेल कॉरिडोर उत्तर भारत को पूर्वोत्तर से जोड़ता है। इस रूट के अपग्रेड होने से लखनऊ, गोरखपुर, बिहार और असम जाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।इस मार्ग में मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और गुवाहाटी जैसे प्रमुख स्टेशन आते हैं।

200 KM प्रति घंटे से ज्यादा हो सकती है रफ्तार

रेलवे का लक्ष्य है कि इन हाई डेंसिटी रूटों पर ट्रेनों की स्पीड को 200 किलोमीटर प्रति घंटे से ऊपर ले जाया जा सके। इससे देश में तेज और सुविधाजनक रेल यात्रा का नया दौर शुरू होने की उम्मीद है।