नई दिल्ली: पूर्वोत्तर भारत में नशे की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। असम राइफल्स ने CRPF और राज्य पुलिस के साथ मिलकर मणिपुर और असम में खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 82 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की ड्रग्स जब्त की हैं। इस दौरान छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, मणिपुर के जिरीबाम और असम के श्रीभूमि जिले में चलाए गए अभियानों के दौरान 10.891 किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 2.5 करोड़ रुपये मूल्य की 14,000 याबा टैबलेट्स भी जब्त की गईं। ये कार्रवाई स्पीयर कॉर्प्स के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क को तोड़ने और पूर्वोत्तर में अवैध ड्रग्स की आवाजाही रोकने के उद्देश्य से की गई।
हथियार और उगाही नेटवर्क पर भी शिकंजा
नशीले पदार्थों के अलावा सुरक्षा बलों ने मणिपुर में अवैध हथियारों और उगाही नेटवर्क के खिलाफ भी अभियान चलाया। असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने इंफाल ईस्ट में तलाशी के दौरान छह हथियार बरामद किए।
इसके बाद कीशामपाट और चरंगपाट में की गई कार्रवाई में यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (कोइरेंग) [UNLF (K)] के तीन सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया। इन पर कथित तौर पर उगाही नेटवर्क में शामिल होने का आरोप है।
त्रिपुरा में भी 9,500 याबा टैबलेट बरामद
इससे पहले गुरुवार को असम राइफल्स ने कंचनपुर पुलिस के साथ मिलकर उत्तर त्रिपुरा के कंचनपुर इलाके में कार्रवाई करते हुए 9,500 याबा टैबलेट बरामद की थीं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई गई है।
31 अगस्त को मिली खुफिया सूचना के आधार पर शुरू किए गए इस अभियान में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। मौके से TVS Apache मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा था। बरामद ड्रग्स, गिरफ्तार आरोपी और वाहन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कंचनपुर पुलिस को सौंप दिया गया है।