नई दिल्ली/बुलंदशहर। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छात्रा निशु आजाद के पिता संजय कुमार से कथित मारपीट के मामले में स्वतंत्र भारद्वाज पर दिल्ली पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। दिल्ली पुलिस की टीम बुलंदशहर पहुंची और स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मामला उस समय और गरमा गया, जब स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें उन्होंने जंतर-मंतर की घटना को लेकर अपनी बात रखी थी। इसके बाद CJP की ओर से उनकी गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई और शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने संसद मार्ग थाने तक मार्च भी किया। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया था।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट हुई। बाद में स्वतंत्र भारद्वाज से जुड़ा एक वीडियो सामने आया, जिसके बाद मामला सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा में आ गया। दिल्ली पुलिस ने हालांकि वायरल दावों में बताई गई गंभीर चोटों से अलग जानकारी दी थी। पुलिस के अनुसार संजय कुमार को सिर में साधारण चोट आई थी और मेडिकल रिपोर्ट में खोपड़ी टूटने जैसी बात सामने नहीं आई। पुलिस ने यह भी कहा कि मामले की जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।
स्वतंत्र भारद्वाज ने दी थी सफाई
वहीं, स्वतंत्र भारद्वाज ने अपनी तरफ से इसे सेल्फ डिफेंस बताया है। उनका दावा है कि उन्हें कई लोगों ने घेर लिया था और उन पर भी हमला हुआ था, जिसके बाद उन्होंने खुद को बचाने के लिए प्रतिक्रिया दी।
फिलहाल दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद इस मामले में आगे क्या कानूनी कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर बनी हुई है। मामला पहले ही सोशल मीडिया और राजनीतिक स्तर पर काफी तूल पकड़ चुका है।