Aaj Ka Mausam 29 August 2026: मानसून की सक्रियता के बीच देश के कई हिस्सों में एक बार फिर भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 29 अगस्त के लिए कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा।
IMD ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।मौसम विभाग ने बताया कि उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। वहीं पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं।
मध्य भारत में बारिश का असर
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
बिहार-झारखंड और ओडिशा के लिए अलर्ट
बिहार में शनिवार को कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।झारखंड में भी व्यापक बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण भारत में भी बारिश की संभावना
दक्षिण भारत के कई राज्यों में मानसून सक्रिय रहेगा। तटीय कर्नाटक में व्यापक बारिश हो सकती है, जबकि केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी कई जगहों पर बारिश का अनुमान है।आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया
मौसम विभाग ने समुद्री इलाकों में खराब स्थिति को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में समुद्र में ऊंची लहरें और तेज हवाएं चलने की संभावना है।मछुआरों को दक्षिण तमिलनाडु, गल्फ ऑफ मन्नार, कॉमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में जाने से बचने की सलाह दी गई है।