मुंबई: फिल्म निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग पूरी कर ली है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल अभिनीत इस फिल्म की शूटिंग करीब दो साल पहले शुरू हुई थी।
फिल्म के निर्माताओं की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, शूटिंग पूरी होने के बाद अब भंसाली अपना पूरा ध्यान फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन पर केंद्रित करेंगे। शूटिंग पूरी होने के मौके पर निर्देशक समेत पूरी टीम ने फिल्म की यूनिट के साथ भावुक विदाई ली।
रणबीर और भंसाली की 17 साल बाद वापसी
‘लव एंड वॉर’ रणबीर कपूर और संजय लीला भंसाली की लंबे अंतराल के बाद साथ में वापसी है। दोनों ने इससे पहले वर्ष 2007 में रणबीर की डेब्यू फिल्म ‘सांवरिया’ में साथ काम किया था।
वहीं, विक्की कौशल की भंसाली के साथ यह पहली फिल्म है। आलिया भट्ट इससे पहले वर्ष 2022 की चर्चित फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में भंसाली के निर्देशन में काम कर चुकी हैं।
फिल्म की आधिकारिक घोषणा जनवरी 2024 में की गई थी। निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर फिल्म की घोषणा करते हुए इसे भंसाली की एक महाकाव्य गाथा बताया था।
21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी फिल्म
‘लव एंड वॉर’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है। फिल्म 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
इस बीच विक्की कौशल पिछली बार 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘छावा’ में नजर आए थे। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय खन्ना और रश्मिका मंदाना भी प्रमुख भूमिकाओं में थे।
आलिया भट्ट की हालिया फिल्म ‘अल्फा’ है, जिसमें उनके साथ शरवरी और बॉबी देओल नजर आए। यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म इसी साल रिलीज हुई थी, हालांकि बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
‘रामायण: पार्ट 1’ में नजर आएंगे रणबीर
वहीं रणबीर कपूर अब अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ की तैयारी में जुटे हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 6 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होने वाली है। फिल्म में रणबीर के साथ यश, सनी देओल, रवि दुबे और साई पल्लवी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें: मनीषा कोइराला की नई फिल्म ‘Cowgirls & Indians’ में एंट्री, नवंबर से टेक्सास में शुरू होगी शूटिंग