Operation Ganga Film: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल ने अपनी अगली फिल्म का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। फिल्ममेकर विष्णु मोहन के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म का नाम 'ऑपरेशन गंगा' रखा गया है। यह मोहनलाल और विष्णु मोहन की साथ में पहली फिल्म है। फिल्म की घोषणा के साथ ही इसका पहला पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा है।
फिल्म का पोस्टर वायरल
फिल्म के पोस्टर में किसी कलाकार का चेहरा नजर नहीं आता। इसके बजाय शहर के बीच एक विशाल महिला प्रतिमा दिखाई गई है, जिसके एक हाथ में तलवार और दूसरे हाथ में ढाल है। प्रतिमा के आसपास घने बादल और पास में उड़ता हुआ फाइटर जेट फिल्म के एक्शन और सैन्य पृष्ठभूमि की ओर इशारा करता है। पोस्टर पर फिल्म का नाम बड़े अक्षरों में लिखा है और इसके साथ 'A Nation's Promise' टैगलाइन दी गई है।
दमदार स्टारकास्ट और म्यूजिक
'ऑपरेशन गंगा' में मोहनलाल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ अर्जुन रामपाल, भाग्यश्री बोर्से, पार्थिबन और आदिल हुसैन जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। खास बात यह है कि फिल्म का संगीत शाश्वत सचदेव तैयार करेंगे, जिन्हें हाल ही में 'धुरंधर' के संगीत के लिए काफी चर्चा मिली है। फिल्म की कास्ट और क्रू को लेकर फैंस के बीच अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है।
ये भी पढ़ें: Best Friend: स्कूल वाली दोस्त के ये 7 इशारे बताते हैं कि वो आपको पसंद करती है!
विष्णु मोहन का अगला बड़ा प्रोजेक्ट
विष्णु मोहन ने बतौर निर्देशक 2022 की मलयालम फिल्म 'मेप्पडियान' से डेब्यू किया था। इस फिल्म के लिए उन्हें 69वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट डेब्यू फिल्म ऑफ ए डायरेक्टर का पुरस्कार मिला था। अब 'ऑपरेशन गंगा' उनके करियर का अगला बड़ा प्रोजेक्ट है। फिलहाल मेकर्स ने फिल्म की कहानी और रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, पोस्टर से साफ है कि फिल्म में देशभक्ति, एक्शन और सैन्य पृष्ठभूमि का दमदार मिश्रण देखने को मिल सकता है।