UP TGT Vacancy 2026: अगर आप भी यूपी के सरकारी सरकारी स्कूलों में असिस्टेंट टीचर बनने का सपना देख रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए ही है। उत्तर प्रदेश एजुकेशन सर्विस सिलेक्शन कमीशन (UPESSC), प्रयागराज ने टीजीटी भर्ती 2026 के तहत 17,735 पदों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में लड़कों के स्कूलों में 16,193 और लड़कियों के स्कूलों में 1,542 पद शामिल हैं।

आवेदन की तारीखें

इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 23 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन फॉर्म में सुधार करने का मौका 26 नवंबर 2026 तक मिलेगा। भर्ती परीक्षा का आयोजन 23 और 24 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना जरूर पढ़ लें।

उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता

TGT भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए। उम्मीदवारों के पास 50 प्रतिशत अंकों के साथ संबंधित विषय में स्नातक डिग्री या फिर 45 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, NCTE से मान्यता प्राप्त शिक्षण योग्यता और निर्धारित पात्रता परीक्षा संबंधी शर्तें भी लागू होंगी। कुछ विषयों के लिए अतिरिक्त योग्यताएं आवश्यक हो सकती हैं

आयु सीमा और आवेदन शुल्क

उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 1 जुलाई 2026 को 21 वर्ष होनी चाहिए। मिली जानकारी के अनुसार, अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये, SC-ST उम्मीदवारों को 500 रुपये और दिव्यांग उम्मीदवारों को 300 रुपये देने होंगे।

कैसे होगा चयन?

उम्मीदवारों का चयन 360 अंकों की लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा। परीक्षा में ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद शैक्षणिक योग्यता, पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाएं। सबसे पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करें और फिर ऑनलाइन आवेदन प्रणाली में लॉगिन करें। इसके बाद व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और निर्धारित शुल्क जमा करें। अंत में फॉर्म की सभी जानकारियां जांचकर Sumit करें और आवेदन की रसीद सुरक्षित रख लें।


ये भी पढ़ें: सरकारी नौकरी के बजाए अब Startup की ओर क्यों भाग रहे हैं युवा!