DU PhD Admission 2026: रिसर्च के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने बड़ा अवसर दिया है। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी कार्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत अब चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (FYUP) पूरा करने वाले छात्र भी सीधे पीएचडी में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे उन छात्रों को फायदा मिलेगा जो ग्रेजुएशन के बाद रिसर्च के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं।दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, पीएचडी एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 6 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

चार साल की UG डिग्री वाले छात्रों को मिलेगा मौका

DU के पीएचडी प्रोग्राम में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों का चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम पूरा होना जरूरी है। यह डिग्री दिल्ली विश्वविद्यालय या उससे संबद्ध कॉलेजों से होनी चाहिए।हालांकि, आवेदन के लिए न्यूनतम CGPA की सीमा तय की गई है।सामान्य वर्ग (UR), OBC-NCL और EWS उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 7.5 CGPA जरूरी है।SC, ST और PwBD श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 7.0 CGPA होना चाहिए।

प्रवेश के लिए देनी होगी परीक्षा

दिल्ली विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पीएचडी में दाखिले के लिए उम्मीदवारों को संबंधित विभाग या विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा में शामिल होना होगा।एडमिशन की अंतिम प्रक्रिया और चयन से जुड़े निर्णय संबंधित विभाग के नियमों के अनुसार किए जाएंगे।

कितनी देनी होगी आवेदन फीस?

पीएचडी एडमिशन के लिए उम्मीदवारों को हर प्रोग्राम के लिए अलग-अलग आवेदन शुल्क जमा करना होगा।

  • UR, OBC-NCL और EWS उम्मीदवारों के लिए फीस: 250 रुपये प्रति प्रोग्राम
  • SC, ST और PwBD उम्मीदवारों के लिए फीस: 100 रुपये प्रति प्रोग्राम

DU ने साफ किया है कि आवेदन शुल्क जमा करने के बाद किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा।

UGC-NET और CSIR परीक्षा देने की सलाह

विश्वविद्यालय ने छात्रों को UGC-NET और CSIR जैसी परीक्षाओं में शामिल होने की सलाह दी है। इन परीक्षाओं को पास करने से छात्रों को रिसर्च फेलोशिप और आर्थिक सहायता जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सकता है।

DU वेबसाइट पर मिलेंगे सभी अपडेट

दिल्ली विश्वविद्यालय ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिशन प्रक्रिया, परीक्षा कार्यक्रम, नियमों और अन्य जरूरी जानकारियों के लिए DU की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।समय-समय पर जारी होने वाली सूचनाओं को चेक करते रहना जरूरी होगा, ताकि छात्र किसी महत्वपूर्ण अपडेट से वंचित न रह जाएं।