ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने अंतरराष्ट्रीय छात्रों से जुड़े एक अहम फैसले में Graduate Diploma of Management (BSB80120) में नए विदेशी छात्रों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। यह प्रतिबंध 5 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगा। इसका असर उन अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों पर पड़ सकता है, जो इस कोर्स के जरिए ऑस्ट्रेलिया में आगे की पढ़ाई शुरू करने की योजना बना रहे हैं। इनमें भारत से जाने वाले छात्र भी शामिल हैं। सरकार के मुताबिक, इस कोर्स को लेकर ऐसी चिंताएं सामने आई थीं कि कुछ विद्यार्थी इसका इस्तेमाल वास्तविक अध्ययन के बजाय ऑस्ट्रेलिया में रहते हुए एक कोर्स से दूसरे कोर्स में जाने के विकल्प के तौर पर कर रहे थे। इसके अलावा, इस कार्यक्रम से जुड़े वीजा आवेदनों में अस्वीकृति और कोर्स पूरा न करने की दर भी चिंता का कारण बनी।
5 अक्टूबर के बाद नए विदेशी छात्रों का प्रवेश नहीं
अंतरराष्ट्रीय शिक्षा मामलों के सहायक मंत्री जूलियन हिल ने 4 सितंबर को इस निर्णय की घोषणा की। सरकार के अनुसार, पहली बार नई कानूनी शक्तियों का इस्तेमाल किसी एक विशिष्ट कोर्स में विदेशी छात्रों के नए नामांकन को रोकने के लिए किया गया है। निर्धारित तारीख के बाद VET संस्थान Graduate Diploma of Management में नए अंतरराष्ट्रीय छात्रों को प्रवेश नहीं दे पाएंगे। ऐसे छात्र जिन्होंने 5 अक्टूबर से पहले अपनी पढ़ाई शुरू नहीं की है, उनके संबंधित Confirmation of Enrolment (CoE) को भी रद्द किया जा सकता है।
मौजूदा छात्रों को कोर्स पूरा करने की अनुमति
इस निर्णय से उन छात्रों को प्रभावित नहीं किया जाएगा, जिन्होंने 5 अक्टूबर 2026 से पहले अपना कोर्स शुरू कर दिया है। ऐसे विद्यार्थी अपने मौजूदा संस्थान में पढ़ाई जारी रख सकते हैं और कार्यक्रम पूरा कर सकते हैं। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया में 452 VET प्रदाता अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए यह कोर्स संचालित कर रहे हैं। इस कार्यक्रम से जुड़े कुल 41,033 सक्रिय Confirmation of Enrolment दर्ज हैं, जबकि इनमें से 15,772 छात्र फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा छात्रों को केवल इस फैसले के कारण अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने या ऑस्ट्रेलिया से वापस जाने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- अमेरिका के 9/11 हमलों से जुड़ा बड़ा राज? नए वीडियो ने बढ़ाई हलचल
कोर्स को लेकर सरकार की क्या चिंता है?
ऑस्ट्रेलियाई सरकार के अनुसार, इस कोर्स से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान ऐसे छात्रों की संख्या काफी अधिक मिली, जिनके प्रवेश का प्राथमिक उद्देश्य पढ़ाई करना नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया में रहते हुए अपने अध्ययन कार्यक्रम को बदलने की सुविधा हासिल करना माना गया। इसके अलावा, इस कोर्स से जुड़े वीजा आवेदनों के रिजेक्शन और पढ़ाई पूरी नहीं करने वाले छात्रों की संख्या ने भी सरकार की चिंता बढ़ाई। इन्हीं कारणों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस विशेष कोर्स के लिए अंतरराष्ट्रीय छात्रों के नए नामांकन पर रोक लगाने का फैसला किया है। हालांकि, सरकार ने यह भी साफ किया है कि कार्रवाई केवल Graduate Diploma of Management (BSB80120) पर लागू है। इसका अर्थ यह नहीं है कि ऑस्ट्रेलिया में उपलब्ध सभी Graduate Diploma कार्यक्रमों में विदेशी छात्रों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
भारतीय छात्रों पर क्या होगा असर?
ऑस्ट्रेलिया भारतीय छात्रों के लिए उच्च शिक्षा का एक प्रमुख गंतव्य रहा है। ऐसे में Graduate Diploma of Management में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे भारतीय विद्यार्थियों को इस फैसले पर विशेष ध्यान देना होगा। 5 अक्टूबर 2026 से पहले कोर्स शुरू नहीं करने वाले संभावित छात्रों के लिए नए नियम महत्वपूर्ण हैं। इसलिए जो विद्यार्थी BSB80120 में दाखिला लेने की योजना बना रहे हैं, उन्हें अपनी एडमिशन और वीजा योजना को आगे बढ़ाने से पहले संबंधित संस्थान और ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों की ताजा जानकारी जरूर जांचनी चाहिए।