
उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 20 आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। गुरुवार देर शाम जारी आदेश में सचिव, विशेष सचिव और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस बदलाव के तहत बलिया, आजमगढ़ और इटावा जैसे जिलों में भी प्रमुख प्रशासनिक नियुक्तियां की गई हैं, साथ ही, पीसीएस से आईएएस बने कुछ अधिकारियों को भी नई तैनाती मिली है।
जारी हुई सूची
जारी सूची के अनुसार, आईएएस अधिकारी सुधा वर्मा को सचिव राजस्व विभाग के पद से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश का श्रमायुक्त नियुक्त किया गया है। सारिका मोहन को महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि नेहा शर्मा को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा के साथ सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
इन विभाग में भी हुए अहम प्रशासनिक बदलाव
अन्य प्रमुख नियुक्तियों में अरुण कुमार को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का मिशन निदेशक बनाया गया है। जे. रीमा को वर्तमान दायित्व के साथ अपर निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। दीपा रंजन को विशेष सचिव संस्कृति विभाग तथा संजय कुमार सिंह को निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं विशाल सिंह को विशेष सचिव संस्कृति विभाग नियुक्त करते हुए सूचना निदेशक एवं संस्कृति से संबंधित अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
बिजली निगम और आजमगढ़ में भी हुई बदली
इसके अलावा रिया केजरीवाल को विशेष सचिव बाल विकास, संदीप भागिया को प्रबंध निदेशक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम, परीक्षित खटाना को अपर आयुक्त राज्य कर गौतमबुद्ध नगर तथा राकेश कुमार पटेल को मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ बनाया गया है। रेणु तिवारी को विशेष सचिव महिला कल्याण एवं बाल विकास के पद से कार्यमुक्त किया गया है। तबादलों की इस सूची में जग प्रवेश को विशेष सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, ओजस्वी राज को नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन नगर निगम, आलोक कुमार को मुख्य विकास अधिकारी बलिया, अजय कुमार गौतम को अपर आयुक्त राज्य कर गाजियाबाद और संजय कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी इटावा नियुक्त किया गया है। वहीं मनिकन्दन ए को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद बनाया गया है। डॉ. वंदना वर्मा को संयुक्त प्रबंध निदेशक, सरकारी चीनी मिल्स का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
बलिया, इटावा और मथुरा समेत कई जिलों में बदलाव
राज्य सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल विभिन्न विभागों और जिलों में कार्यकुशलता बढ़ाने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Written By Toshi Shah















