.jpg)
MI vs CSK IPL 2026 Match: आज मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मैच खेला जाएगा। इस महामुकाबला को IPL का 'El Clasico' कहा जाता है। क्योंकि दोनों टीमों के बीच मुकाबले हमेशा हाई-वोल्टेज और रोमांच से भरपूर होते हैं।
दोनों फ्रेंचाइज़ियों ने 10 IPL खिताब अपने नाम किए हैं
दोनों टीमों का इस सीजन में प्रदर्शन भले ही उतार-चढ़ाव भरा रहा हो, लेकिन उनके अनुभव और इतिहास को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कुल मिलाकर दोनों फ्रेंचाइज़ियों ने 10 IPL खिताब अपने नाम किए हैं, जो इस मुकाबले की अहमियत को और बढ़ा देता है।
कप्तान हार्दिक पांड्या की अगुवाई में टीम का शानदार प्रदर्शन
मुंबई इंडियंस की बात करें तो कप्तान हार्दिक पांड्या की अगुवाई में टीम शानदार लय में नजर आ रही है। पिछले मैच में टीम ने गुजरात टाइटंस को 99 रनों से हराकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा का रिकॉर्ड चेन्नई के खिलाफ बेहद शानदार रहा है, उन्होंने इस टीम के खिलाफ 900 से अधिक रन बनाए हैं। हालांकि उनकी फिटनेस को लेकर थोड़ा संशय बना हुआ है और उनके खेलने का फैसला टॉस के समय ही लिया जाएगा।
चेन्नई सुपरकिंग्स की शानदार वापसी की उम्मीद
वहीं दूसरी ओर चेन्नई सुपरकिंग्स इस मुकाबले में वापसी की उम्मीद के साथ उतरेगी। कप्तान रुतुराज गायकवाड अभी तक अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं दिखे हैं, जो टीम के लिए चिंता का विषय है। हालांकि टीम के अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी मुंबई में मौजूद हैं, लेकिन उनके खेलने पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। अगर धोनी मैदान पर उतरते हैं, तो मुकाबले का रोमांच चरम पर पहुंचना तय है।
बल्लेबाजों के लिए वानखेड़े स्टेडियम क्यों है बेहतर
पिच की बात करें तो वानखेड़े स्टेडियम की सतह बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिलते हैं। दूसरी पारी में ओस का प्रभाव काफी अहम होता है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
दोनों टीमों की हेड टू हेड आंकड़ें
हेड टू हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 39 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें 21 मैच मुंबई ने और 18 चेन्नई ने जीते हैं। वहीं वानखेड़े में भी मुंबई का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। कुल मिलाकर यह मुकाबला बेहद करीबी रहने की उम्मीद है। दोनों टीमों के पास मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए मुंबई इंडियंस थोड़ा आगे नजर आती है। हालांकि आईपीएल में कुछ भी संभव है, और यही इस लीग की सबसे बड़ी खूबसूरती भी है। आज का मैच किसके नाम होगा, इसका फैसला मैदान पर प्रदर्शन ही करेगा।
Written By: Geeta Sharma

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)






