
उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। बता दें कि भारत में इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून का आगमन इस सप्ताह हो सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। इस सप्ताह के अंत तक दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून आमतौर पर हर साल 1 जून के आसपास केरल में शुरू होता है।
दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की आशंका जताई है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
हालांकि 14 मई से मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। अनुमान है कि 17 मई तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, इटावा, फर्रुखाबाद और बिजनौर में आंधी और बारिश की संभावना है। इसके अलावा मैनपुरी, हरदोई, झांसी और ललितपुर में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। राजधानी लखनऊ के साथ कानपुर, बाराबंकी, प्रतापगढ़, आजमगढ़ और देवरिया में भी तेज हवाओं और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
बिहार में तेज हवाओं की चेतावनी
बिहार में भी मौसम अचानक बदल सकता है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधेपुरा, गोपालगंज, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और भागलपुर में तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
उत्तराखंड और हिमाचल में विशेष अलर्ट
उत्तराखंड में 13 और 14 मई को कई जिलों में तेज बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी येलो अलर्ट लागू किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में ओलावृष्टि, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान लगाया है। कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
Written By Toshi Sha

.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)






.jpg)


