
ब्रिटेन की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। लेबर पार्टी के भीतर बढ़ती असंतोष की लहर और लगातार राजनीतिक दबाव के बीच प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। सोमवार को डाउनिंग स्ट्रीट से जारी आधिकारिक बयान में स्टारमर ने कहा कि उन्होंने अपने फैसले की जानकारी किंग को दे दी है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि नए प्रधानमंत्री के चुने जाने तक वह कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।
कीर स्टारमर ने पीएम पद से दिया इस्तीफा
कीर स्टारमर का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब उनकी सरकार कई चुनौतियों का सामना कर रही थी। पिछले कुछ महीनों से उनके नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे थे और लेबर पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की मांग लगातार तेज हो रही थी। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और सांसदों का मानना था कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पा रही है।
2024 में ब्रिटेन के 58वें प्रधानमंत्री बने थे स्टारमर
स्टारमर ने जुलाई 2024 में ब्रिटेन के 58वें प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। उनके नेतृत्व में लेबर पार्टी ने आम चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए कंजर्वेटिव पार्टी के 14 वर्षों के शासन का अंत किया था। चुनावी जीत के बाद देशभर में बदलाव की उम्मीद जगी थी और शुरुआती दिनों में स्टारमर सरकार को व्यापक जनसमर्थन भी मिला था।
स्टारमर ने क्यों छोड़ा पद
हालांकि समय के साथ आर्थिक चुनौतियां, महंगाई, सार्वजनिक सेवाओं की खराब होती स्थिति और स्वास्थ्य व्यवस्था पर बढ़ता दबाव सरकार के लिए बड़ी परेशानी बन गए। इसके अलावा पार्टी के भीतर नीतिगत मतभेद और नेतृत्व को लेकर असहमति भी लगातार बढ़ती रही। इन परिस्थितियों ने स्टारमर की लोकप्रियता को प्रभावित किया और उन्हें पद छोड़ने का फैसला करना पड़ा।
ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री कौन?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा। लेबर पार्टी के भीतर नए नेता के चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर नेतृत्व की दौड़ तेज हो सकती है। नए प्रधानमंत्री के सामने देश की आर्थिक स्थिति को सुधारने, सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत करने और जनता का विश्वास दोबारा हासिल करने की बड़ी चुनौती होगी।
Written By: Geeta Sharma








.jpg)






