.jpg)
Delhi News: राजधानी दिल्ली में लगातार मिल रही बम धमकियों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिल्ली पुलिस ने 1100 से ज्यादा फर्जी बम धमकियां देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान श्रीनिवास लुईस के रूप में हुई है, जिसे कर्नाटक से पकड़ा गया है और अब उसे दिल्ली लाया जा रहा है।
महत्वपूर्ण ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी दे रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से देश के अलग-अलग महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाकर बम से उड़ाने की धमकी दे रहा था। इन धमकियों में दिल्ली हाई कोर्ट, स्कूल, अस्पताल और अन्य संवेदनशील स्थान शामिल थे। आरोपी फोन कॉल और ईमेल के जरिए इन धमकियों को अंजाम देता था, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच जाता था।
दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक के मैसूर में किराए के घर से 47 वर्षीय श्रीनिवास लुइस को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने पूरे देश में कई संस्थानों, हाई कोर्ट और सरकारी दफ्तरों को निशाना बनाते हुए 1,000 से ज़्यादा झूठे धमकी भरे मैसेज भेजे थे: दिल्ली पुलिस
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 30, 2026
जांच में पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
जांच अधिकारियों ने बताया कि इन धमकियों के बाद कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी और जांच अभियान चलाना पड़ा, जिससे प्रशासनिक कामकाज भी प्रभावित हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी जांच शुरू की। लंबी जांच और डिजिटल ट्रैकिंग के बाद आरोपी की लोकेशन कर्नाटक में ट्रेस की गई।
दिल्ली पुलिस ने बताया, "भेजी गई धमकियां ईमेल के ज़रिए भेजी गई थीं। कई राज्यों में मामले दर्ज किए गए हैं। शुरुआती जांच से पता चलता है कि उस व्यक्ति की मानसिक स्थिति स्थिर नहीं है। उसे आज दिल्ली लाया जाएगा, जिसके बाद गहन जांच की जाएगी।"
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 30, 2026
कर्नाटक रहने वाला है आरोपी श्रीनिवास
जानकारी के मुताबिक, श्रीनिवास लुईस कर्नाटक में अपनी मां के साथ एक किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने वहां छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने किन-किन शहरों और संस्थानों को निशाना बनाया और उसके पीछे की मंशा क्या थी। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में कोई और व्यक्ति भी शामिल है या आरोपी अकेले ही इस साजिश को अंजाम दे रहा था।
दिल्ली विधानसभा को मिल चुकी है फर्जी धमकी
गौरतलब है कि दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में पहले भी फर्जी बम धमकियों के मामले सामने आते रहे हैं। हाल ही में दिल्ली विधानसभा को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, हालांकि जांच में वह फर्जी साबित हुई थी। इस तरह की धमकियां न केवल लोगों में दहशत फैलाती हैं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के संसाधनों पर भी अतिरिक्त दबाव डालती हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं को खंगालने में जुटी है। जल्द ही इस पूरे नेटवर्क और इसके पीछे की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
Writen By: Geeta Sharma

.jpg)
.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)






