
बिहार में इन दिनों नई सरकार और अगले मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। इसी बीच पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेजप्रताप यादव ने एक बड़ा बयान देकर सबको चौंका दिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि अगर बीजेपी से सम्राट चौधरी का नाम मुख्यमंत्री के लिए सामने आता है, तो वह उनका पूरा समर्थन करेंगे। तेजप्रताप का यह रुख बिहार की राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रहा है।
निशांत के पास कम अनुभव - तेजप्रताप
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने और उन्हें सीएम बनाए जाने की चर्चाओं पर तेजप्रताप ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि निशांत उनसे उम्र में बड़े हैं और वह उनकी इज्जत करते हैं, लेकिन राजनीति के मैदान में वह अभी बिल्कुल नए हैं। तेजप्रताप के मुताबिक, राजनीति के दांव-पेंच समझने के लिए अनुभव की जरूरत होती है और फिलहाल निशांत का राजनीतिक अनुभव 'जीरो बटा सन्नाटा' है।
तेजप्रताप ने किया सम्राट चौधरी को समर्थन
जब तेजप्रताप से सम्राट चौधरी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने खुशी-खुशी अपना समर्थन जताया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब वह खुद राजनीति में आए थे, तब उन्हें भी कुछ नहीं पता था, लेकिन इंसान धीरे-धीरे ही सीखता है। उन्होंने सम्राट चौधरी को एक अनुभवी चेहरा मानते हुए मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद बताया है, जो बिहार की मौजूदा स्थिति में एक बड़ा बयान माना जा रहा है।
परिवारवाद पर बोले तेजप्रताप
अक्सर परिवारवाद के आरोपों से घिरने वाली राजनीति पर तेजप्रताप ने स्पष्ट किया कि उनकी नई पार्टी, जनशक्ति जनता दल, कभी भी परिवारवाद के रास्ते पर नहीं चलेगी। उन्होंने जेडीयू और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी पार्टी को एक अलग पहचान देंगे। दिलचस्प बात यह है कि तेजप्रताप अब खुद को आरजेडी से अलग एक स्वतंत्र नेता के रूप में मजबूती से पेश कर रहे हैं।
तेजप्रताप की तेजस्वी को नसीहत
पटना में मीडिया से बात करते हुए तेजप्रताप ने अपने संगठन के विस्तार की जानकारी दी और साथ ही अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को भी नसीहत दे डाली। तेजस्वी के एक पुराने बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता गरीब नहीं, बल्कि दिल की बहुत अमीर है। उन्होंने साफ़ कहा कि तेजस्वी को जनता के बारे में इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए, क्योंकि बिहार की जनता सब देख रही है।
Written by: Anushka sagar

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)