
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर पूरे देश में आक्रोश है। भारत सरकार भी लगातार पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपना रहा है। बढ़ते तनाव के बीच भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर पहुंचकर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।
15 कोर कमांडर ने जनरल उपेंद्र द्विवेदी को मौजूदा सुरक्षा स्थिति के बारे में जानकारी दी। जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कश्मीर घाटी में तैनात वरिष्ठ सैन्य कमांडरों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों से मुलाकात की। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की।
सेना प्रमुख को दी गई जानकारी
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी को भारतीय क्षेत्र में आतंकवादियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही पाकिस्तानी सेना द्वारा नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करने पर भी बातचीत की गई। बता दें कि इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर गोलीबारी की।
भारतीय सेना ने तत्काल की जवाबी कार्रवाई
पाकिस्तानी सेना द्वारा नियंत्रण रेखा (LoC) के कुछ स्थानों पर की गई गोलीबारी के बाद भारतीय सेना ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की। भारतीय सेना के अधिकारियों ने इसे लेकर बताया कि," नियंत्रण रेखा पर कुछ स्थानों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। भारतीय सेना ने इसका प्रभावी ढंग से जवाब दिया। गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है।"
पहलगाम हमले के बाद हाई अलर्ट पर भारतीय सेना
22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन मैदान में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना हाई अलर्ट पर है। भारतीय सेना द्वारा आतंकवादियों के खिलाफ लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही हमले के बाद केंद्र सरकार ने भी आतंकवाद के खिलाफ कई बड़े फैसले लिए हैं।
केंद्र सरकार ने की ये घोषणा
केंद्र सरकार ने अटारी में एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) को बंद करने, पाकिस्तानी नागरिकों के लिए SAARC वीजा छूट योजना (SVES) को निलंबित करने, उन्हें अपने देश लौटने के लिए 40 घंटे का समय देने और दोनों पक्षों के उच्चायोगों में अधिकारियों की संख्या कम करने जैसी कई घोषणाएं की है।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अटारी में एकीकृत चेक पोस्ट को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया जाएगा। भारत ने 1960 में हस्ताक्षरित सिंधु जल संधि को भी रोक दिया था।
- श्रद्धा मिश्रा