
बच्चे के जन्म के बाद शुरुआती छह महीने तक मां का दूध ही सबसे बेहतर आहार माना जाता है। मां के दूध में बच्चे की जरूरत के अनुसार सभी जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। अगर किसी कारण से मां का दूध उपलब्ध नहीं हो पाता, तो डॉक्टर की सलाह से ही दूसरे विकल्प अपनाने चाहिए।
गाय का दूध क्यों माना जाता है बेहतर?
विशेषज्ञों के अनुसार, छोटे बच्चों के लिए शुरुआत में गाय का दूध बेहतर विकल्प माना जाता है। इसका कारण है कि गाय के दूध में भैंस के दूध की तुलना में फैट की मात्रा कम होती है और यह हल्का होता है।
कम फैट होने की वजह से बच्चे का पाचन तंत्र इसे आसानी से संभाल सकता है। इसके अलावा गाय के दूध में प्रोटीन, कैल्शियम और अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बच्चे की हड्डियों और विकास में मदद करते हैं।
पहली बार दूध देते समय रखें इन बातों का ध्यान
जब बच्चे को पहली बार गाय या भैंस का दूध देना शुरू करें, तो शुरुआत कम मात्रा से करें। एक साथ ज्यादा दूध देने से बचें और देखें कि बच्चे का शरीर इसे कैसे स्वीकार करता है। अगर दूध पीने के बाद बच्चे को उल्टी, पेट दर्द, दस्त, गैस या एलर्जी जैसी समस्या दिखाई देती है, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
सिर्फ दूध नहीं, पूरी डाइट जरूरी
बच्चे के विकास के लिए केवल दूध पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। एक साल की उम्र के बाद बच्चे की डाइट में फल, सब्जियां, दाल, अनाज और अन्य पौष्टिक चीजें शामिल करना जरूरी है। संतुलित आहार बच्चे के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
डॉक्टर की सलाह सबसे जरूरी
अगर बच्चा एक साल से छोटा है, तो बिना डॉक्टर की सलाह के गाय या भैंस का दूध नहीं देना चाहिए। वहीं, एक साल के बाद भी बच्चे की सेहत और जरूरत को ध्यान में रखते हुए दूध का चुनाव करना बेहतर होता है। सही समय पर सही दूध और संतुलित आहार बच्चे की अच्छी ग्रोथ और बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
Written By: Archana Gupta




.jpg)
.jpg)









