
New Delhi: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने जंतर मंतर पर चल रहे अनशन को लेकर AAP पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए दिल्ली पुलिस ने अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के कारण जंतर मंतर से अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी लिखित सहमति के बाद चिकित्सकीय जांच की गई और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई गई। मल्होत्रा ने कहा कि सरकार और प्रशासन ने पूरे मामले में न्यायालय के निर्देशों का सम्मान करते हुए संवेदनशीलता और कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि किसी भी अनशनकारी के स्वास्थ्य की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और उसी के तहत यह कदम उठाया गया।
आंदोलन को बताया राजनीतिक अभियान
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आज सुबह सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद जंतर मंतर पर जो घटनाक्रम सामने आया और जिस तरह आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज तथा अन्य नेताओं ने लगातार बयानबाजी की, उससे स्पष्ट हो गया कि यह कोई स्वाभाविक छात्र या युवा आंदोलन नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी की युवा इकाई द्वारा संचालित राजनीतिक अभियान था। उन्होंने कहा कि आंदोलन के नाम पर राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन जनता इस रणनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है।
युवाओं को गुमराह करने के प्रयास का आरोप
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पिछले कई महीनों से अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी युवा वर्ग को आंदोलित करने और सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि देश और दिल्ली के युवा अब पहले की तरह भावनात्मक नारों या नाटकीय आंदोलनों से प्रभावित नहीं होते।
राजनीतिक दल के बहकावे में आने वाला नहीं: हर्ष मल्होत्रा
उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से 2013 के दौरान हुए आंदोलनों और उसके बाद आम आदमी पार्टी की सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल को युवा वर्ग ने देखा है। उनके अनुसार, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं के अनुभव के कारण अब युवा वर्ग तथ्यों के आधार पर निर्णय ले रहा है और किसी भी राजनीतिक दल के बहकावे में आने वाला नहीं है।
नीट परीक्षा को लेकर भी साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर शुरू किया गया आंदोलन भी अब अपनी प्रासंगिकता खो चुका है। उनका कहना था कि जून में परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित हुई और 16 जुलाई को परिणाम भी घोषित कर दिए गए, जिसके बाद अधिकांश छात्र और अभिभावक संतुष्ट हैं। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद आंदोलन का आधार कमजोर पड़ गया और जनता का समर्थन भी कम होता गया।
केजरीवाल पर लगाया राजनीतिक लाभ लेने का आरोप
हर्ष मल्होत्रा ने अरविंद केजरीवाल पर आंदोलन का राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने दोपहर 2:26 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर युवाओं और अभिभावकों से जंतर मंतर पहुंचने की अपील की, लेकिन स्वयं लंबे समय तक वहां नहीं पहुंचे। मल्होत्रा ने कहा कि इससे यह संदेश गया कि आम आदमी पार्टी केवल राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास कर रही है, जबकि आंदोलन में शामिल लोगों के साथ खड़े होने की वास्तविक इच्छा नहीं दिखी।
'आप का उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ हासिलकरना है'
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक लाभ हासिल करना है, न कि युवाओं की समस्याओं का समाधान करना। मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली और देश के युवा अब राजनीतिक स्वार्थ और जनहित के बीच का अंतर समझते हैं तथा वे केवल उन प्रयासों का समर्थन करेंगे जो वास्तव में उनके भविष्य और हितों से जुड़े हों।
Written By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती















