
विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर 15 जुलाई यानी की आज उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग की ओर से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम में कौशल विकास, रोजगार, उद्यमशीलता और उद्योगों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक कौशल, बेहतर रोजगार के अवसर और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई प्रेरणा देना है।
प्रदर्शनी के उद्घाटन से होगी शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा कौशल विकास प्रदर्शनी के उद्घाटन और अवलोकन से होगी। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों, राजकीय आईटीआई और प्रशिक्षार्थियों द्वारा विकसित आधुनिक तकनीकों, नवाचारों तथा कौशल आधारित उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्यमंत्री प्रशिक्षार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव भी जानेंगे।
उद्योगों के साथ होंगे अहम एमओयू
कार्यक्रम के दौरान प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों के साथ कई महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) का आदान-प्रदान किया जाएगा। इन समझौतों का उद्देश्य प्रशिक्षण व्यवस्था को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाना, रोजगार के अवसर बढ़ाना तथा प्रशिक्षित युवाओं को बेहतर प्लेसमेंट उपलब्ध कराना है।
'कौशल सारथी' और 'कौशल सेतु' मॉड्यूल होंगे लॉन्च
डिजिटल गवर्नेंस को सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री 'कौशल सारथी' और 'कौशल सेतु' मॉड्यूल का शुभारंभ करेंगे। 'कौशल सारथी' पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के सभी प्रशिक्षण केंद्रों का वर्षवार विवरण ऑनलाइन उपलब्ध होगा, जबकि 'कौशल सेतु' प्रशिक्षण प्रदाताओं के ऑनलाइन आबद्धीकरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीक आधारित बनाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री 'कौशलम' पुस्तिका का विमोचन भी करेंगे, जिसमें विभाग की उपलब्धियों, विशेष अभियानों और कौशल विकास से जुड़े प्रमुख कार्यों का संकलन होगा। साथ ही 'एम्प्लॉयबिलिटी एवं सॉफ्ट स्किल्स मैनुअल' जारी किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षार्थियों में व्यावहारिक दक्षता, व्यक्तित्व विकास और उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप कौशल विकसित किए जा सकें।
'अर्न व्हाइल लर्न' योजना पर दिखाई जाएगी प्रेरक फिल्म
कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित 'अर्न व्हाइल लर्न' योजना पर आधारित एक विशेष वीडियो फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। इसके माध्यम से प्रशिक्षण के साथ आय अर्जित करने वाले युवाओं की प्रेरक सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित पांच युवा अपने अनुभव बताते हुए साझा करेंगे कि कौशल प्रशिक्षण ने किस प्रकार उनके जीवन में बदलाव लाया और उन्हें रोजगार, स्वरोजगार तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया।
21 युवा आइकॉन होंगे सम्मानित
कार्यक्रम में उच्च वेतन वाली नौकरियां हासिल करने वाले तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 21 युवा आइकॉन को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजकीय आईटीआई, प्रशिक्षण प्रदाताओं और प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन एजेंसियों के प्रतिनिधियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश तथा व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी संबोधित करेंगे। समापन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ युवाओं को कौशल विकास, रोजगार, नवाचार, स्टार्टअप और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर मार्गदर्शन देंगे।
Written By: M. Athar Uddin Munne Bharati
Edited By : Toshi Shah






