
Arvind Kejriwal News: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला अब राजनीतिक रूप ले चुका है। इस मामले को लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साध रहा है। इसी कड़ी में ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावे को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, राम मंदिर के चढ़ावे और मंदिर निर्माण में बड़े स्तर पर घोटाले हुए हैं। साथ ही केजरीवाल ने दावा किया कि, मंदिर निर्माण में 40 फीसदी तक घोटाले हुए हैं।
मंदिर में प्रधानमंत्री ने अपने 'खास लोगों' को जगह दी
राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले को लेकर 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट में प्रधानमंत्री ने अपने 'खास लोगों' को जगह दी। साथ ही अनियमितताओं के बावजूद दोषियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई होती नहीं दिख रही है।
'PM मोदी किसी चोर को नहीं छोड़ेंगे, ऐसी उम्मीद थी'
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों को विश्वास था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार और चोरी के मामलों में किसी भी दोषी को नहीं बख्शेंगे। उन्होंने कहा, लोगों को उम्मीद थी कि ट्रस्ट में PM मोदी ने अपने खास आदमी चुन-चुन कर रखे। उम्मीद थी कि PM किसी चोर को छोड़ेंगे नहीं। लेकिन घटनाक्रम दिखाता है कि चोरों और डकैतों को बचाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंदिर से जुड़ी जमीनों और अन्य मामलों में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच तक नहीं हो रही है, जिससे लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है।
'राम भक्तों के साथ आंदोलन करेंगे'
केजरीवाल ने इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन छेड़ने का संकेत देते हुए कहा कि वह किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं, बल्कि राम भक्तों के साथ खड़े होंगे। उन्होंने कहा, आज भक्तों ने कसम खाई है कि चोरों को जब तक सड़क पर फांसी नहीं चढ़ा देंगे, तब तक चैन नहीं लेंगे। हर पार्टी के लोगों को इस आंदोलन में शामिल होना चाहिए, चाहे वह किसी भी दल से हो। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर वह विपक्षी दलों से समर्थन मांगने नहीं जाएंगे। उनके शब्दों में, मैं इस मुद्दे को लेकर किसी पार्टी के पास नहीं जाऊंगा, मैं राम भक्तों के पास जाऊंगा।
राहुल गांधी के विदेश दौरे पर टिप्पणी से किया इनकार
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विदेश दौरे को लेकर सवाल पूछा गया तो केजरीवाल ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, मैं उनका क्या बोल सकता हूं। मैं अपनी जिम्मेदारी लेता हूं। जो बन पड़ रहा है, कर रहा हूं।
Written By: Geeta Sharma















