
12 July Weather Update: देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से हालात बदल रहे हैं। मौसम विभाग ने 12 जुलाई को दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत 18 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य उत्तर प्रदेश के आसपास बने कम दबाव वाले क्षेत्र और गंगा के मैदानी इलाकों में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और मध्य भारत तक कई क्षेत्रों में भारी बारिश और खराब मौसम की स्थिति देखने को मिल सकती है।
18 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट
IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, त्रिपुरा, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कों पर परेशानी की स्थिति बन सकती है। वहीं समुद्री इलाकों में मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में 12 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में 12 जुलाई को बादल छाए रहने और कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। हवा की गति 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 12 जुलाई को तेज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। मेरठ, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, गोरखपुर, बस्ती, बाराबंकी, मिर्जापुर, सुल्तानपुर, हरदोई और रायबरेली समेत कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। किसानों और आम लोगों को बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
बिहार और झारखंड में भी तेज बारिश का अलर्ट
बिहार में पटना, गया, गोपालगंज, चंपारण, नालंदा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है। यहां तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। झारखंड में रांची, बोकारो, देवघर, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, सिमडेगा और सिंहभूम जैसे इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर हवा की गति 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में सतर्क रहने की जरूरत
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन में तेज बारिश और हवाओं का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण भूस्खलन और यातायात प्रभावित होने की संभावना रहती है।
मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी बारिश का असर
मध्य प्रदेश के कई जिलों में 12 जुलाई को तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। दमोह, मंडला, नरसिंहपुर, रायसेन, इंदौर, ग्वालियर और धार समेत कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल में कोलकाता, हावड़ा, दार्जिलिंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
खराब मौसम में रखें सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी और बिजली गिरने के समय खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें। अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखें। किसानों को सलाह दी गई है कि तेज बारिश और तूफान के दौरान खेतों में काम करने से बचें। वहीं समुद्र किनारे रहने वाले लोगों और मछुआरों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।मानसून के सक्रिय रहने से आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है।
Written By: Geeta Sharma















