
Cheque Bounce Case: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस से जुड़े 7 मामलों में दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। 10 जुलाई को सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए उनकी दोषसिद्धि कायम रखी। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच ने अभिनेता की याचिकाएं खारिज कर दी और उन्हें सातों मामलों में तीन-तीन महीने के साधारण कारावास की सजा सुनाई। हालांकि अदालत ने स्पष्ट किया कि सभी सजाएं एक साथ चलेंगी, इसलिए राजपाल यादव को कुल 3 महीने की ही जेल काटनी होगी।
अदालत ने क्यों सुनाई सजा?
सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि राजपाल यादव को कई बार अदालत में दिए गए अपने अंडरटेकिंग का पालन करने का अवसर दिया गया था, लेकिन उन्होंने बार-बार मिले अवसरों के बावजूद अपने वादे पूरे नहीं किए। इसी आधार पर हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को सही मानते हुए उनकी दोषसिद्धि को बरकरार रखा।
7.35 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया
जेल की सजा के अलावा अदालत ने राजपाल यादव पर भारी आर्थिक दंड भी लगाया है। प्रत्येक मामले में 1.05 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस तरह सातों मामलों में कुल जुर्माना 7.35 करोड़ रुपये बनता है। अदालत के आदेश के अनुसार, प्रत्येक मामले में 1 करोड़ 4 लाख 75 हजार रुपये शिकायतकर्ता को दिए जाएंगे, जबकि 25 हजार रुपये राज्य को जमा कराए जाएंगे।
क्या है पूरा चेक बाउंस मामला?
यह मामला वर्ष 2010 में बनी राजपाल यादव की फिल्म 'अता पता लापता' से जुड़ा है। फिल्म के निर्माण के लिए उन्होंने करीब 5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता ली थी। अभिनेता का दावा था कि यह लोन नहीं बल्कि निवेश था, लेकिन भुगतान समय पर नहीं होने के कारण राशि बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसी विवाद के चलते उनके खिलाफ 'चेक बाउंस' के कई मामले दर्ज हुए। इससे पहले 5 फरवरी 2026 को भी राजपाल यादव ने इसी मामले में तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था।
आर्थिक स्थिति पर दिए थे बड़े बयान
जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर कई बड़े दावे किए थे। उन्होंने कहा था कि उनके पास ब्रांडिंग और अन्य प्रोजेक्ट्स के रूप में करीब 1200 करोड़ रुपये का काम है। उनका कहना था कि कई बड़े समझौते उनके पास हैं और आने वाले समय में कई फिल्मों के साथ-साथ अन्य व्यावसायिक प्रोजेक्ट्स पर भी वे काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि वे 'चलती-फिरती चेकबुक' हैं और उनकी कमाई पर कई परिवारों की आजीविका निर्भर करती है।
हालिया फिल्मों में आए थे नजर
वर्क फ्रंट की बात करें तो राजपाल यादव हाल ही में 'भूत बंगला' और 'वेलकम टू द जंगल' जैसी फिल्मों में दिखाई दिए थे। अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर अभिनेता अब एक बार फिर कानूनी कारणों से सुर्खियों में हैं। दिल्ली हाई कोर्ट के इस फैसले के बाद उन्हें तीन महीने की जेल की सजा और 7.35 करोड़ रुपये के जुर्माने का सामना करना होगा।
Written By: Geeta Sharma















