
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के बीच 10 जुलाई को एनडीए की अहम बैठक आयोजित होगी। इस बैठक को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुलाया है, जिसमें वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार भी शामिल रहेंगे। ऐसे में राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि बैठक में बांकीपुर उपचुनाव को लेकर रणनीति पर भी विचार किया जा सकता है। इस सीट से जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर चुनावी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला और अधिक दिलचस्प माना जा रहा है।
बैठक में एनडीए के सभी सहयोगी दल होंगे शामिल
बैठक में एनडीए के सभी सहयोगी दलों के प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी, राज्य सरकार के मंत्री तथा वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि उपचुनाव के अलावा सरकार के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक समन्वय और गठबंधन की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
नीतिश कुमार भी होंगे शामिल
जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने मंगलवार को मीडिया से कहा कि एनडीए के सहयोगी दल नियमित रूप से आपसी समन्वय के लिए बैठक करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई की बैठक में पांचों सहयोगी दलों के जिला अध्यक्ष, मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार भी बैठक में भाग लेंगे।
गठबंधन का लक्ष्य बिहार के विकास को गति देना- संजय झा
संजय झा ने कहा कि गठबंधन का लक्ष्य बिहार के विकास को गति देना और बेहतर समन्वय के साथ काम करना है, उनके अनुसार, पिछले दो दशकों में किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए आगामी पांच वर्षों में घोषणा-पत्र के वादों को धरातल पर उतारने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि समन्वय केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिला स्तर पर भी सभी सहयोगी दलों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया जाएगा।
संजय झा ने सीएए पर कही ये बात
सीएए से जुड़े एक सवाल के जवाब में संजय झा ने कहा कि उनकी पार्टी संविधान और कानून के दायरे में रहकर काम करती है, उन्होंने कहा कि उन्होंने संबंधित बयान नहीं देखा है, लेकिन बिहार में फिलहाल ऐसा कोई मुद्दा नहीं है और राज्य में स्थिति सामान्य है।
इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से माना जा रहा है महत्वपूर्ण
बांकीपुर उपचुनाव के दौरान बुलाई गई इस बैठक को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ बांकीपुर सीट पर चुनावी रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है। अब सभी की नजरें बैठक में लिए जाने वाले फैसलों और संभावित राजनीतिक संकेतों पर टिकी हैं।
Written By Toshi Shah















