
Ram Mandir Scam: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले पर सियासत तेज हो गई है। इसी बीच भाजपा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं के खिलाफ जांच की मांग की है। साथ ही जांच अधिकारी को पत्र लिखा है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक का बड़ा दावा
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने राम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े गबन मामले को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपी बताए जा रहे रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव की समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से कई बार फोन पर बातचीत हुई थी। अजय आलोक के अनुसार,जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, कई और खुलासे सामने आएंगे और सच्चाई जनता के सामने आएगी।
धीरे-धीरे खुल रही जुड़े तथ्यों की परतें: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं और विपक्षी दलों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन दावों को लेकर अभी तक स्वतंत्र जांच एजेंसियों की कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
भाजपा प्रवक्ता ने दिग्विजय सिंह पर भी की तीखी टिप्पणी
इसी कड़ी में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर भी भाजपा प्रवक्ता ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में अनियमितताओं के आरोपों पर सवाल उठाए हैं,जिसे भाजपा ने राजनीति से प्रेरित बताया। दिग्विजय सिंह ने पहले कहा था कि यदि अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो दान की राशि वापस मांगी जा सकती है और उसे किसी अन्य धार्मिक ट्रस्ट को दिया जा सकता है।
विश्व हिंदू परिषद ने जांच एजेंसी को लिखा पत्र
वहीं विश्व हिंदू परिषद (विश्व हिंदू परिषद) ने इस पूरे मामले में जांच की मांग तेज कर दी है। संगठन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने जांच एजेंसी को पत्र लिखकर कहा है कि प्रियंका गांधी वाड्रा,रामगोपाल यादव,अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह सहित कई नेताओं के बयानों की जांच की जाए। पत्र में दावा किया गया है कि इन नेताओं ने राम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े चंदे में भारी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं,जिनकी राशि हजारों करोड़ रुपये तक बताई गई है। वीएचपी ने मांग की है कि आरोप लगाने वाले नेताओं से उनके दावों के आधार, स्रोत और सबूतों के बारे में पूछताछ की जाए।
Written By: Geeta Sharma















