
आज के समय में फ्रिज लगभग हर घर और छोटी-बड़ी दुकानों की जरूरी जरूरत बन चुका है। यह दूध, सब्जियां, फल और अन्य खाद्य पदार्थों को लंबे समय तक सुरक्षित और ताजा रखने में मदद करता है। लेकिन यदि इसका सही तरीके से उपयोग न किया जाए, तो यह जरूरत से ज्यादा बिजली भी खर्च कर सकता है। कई लोग बिना किसी खास वजह के दिनभर में कई बार फ्रिज खोलते हैं, जबकि छोटे बच्चों में यह आदत और भी आम होती है। इसके अलावा, कुछ लोग एक-एक सामान निकालने के लिए फ्रिज को बार-बार खोलते और बंद करते हैं। यह छोटी-सी लापरवाही बिजली की खपत बढ़ाने के साथ-साथ फ्रिज की कूलिंग क्षमता और खाने की गुणवत्ता पर भी असर डाल सकती है।
बार-बार फ्रिज खोलने से क्यों बढ़ती है बिजली की खपत?
जब फ्रिज का दरवाजा खुलता है, तो अंदर मौजूद ठंडी हवा बाहर निकल जाती है और कमरे की गर्म हवा अंदर प्रवेश कर जाती है। इसके बाद फ्रिज का कंप्रेसर अंदर का तापमान दोबारा निर्धारित स्तर तक लाने के लिए ज्यादा समय तक चलता है। जितनी अधिक देर कंप्रेसर काम करेगा, उतनी ही ज्यादा बिजली खर्च होगी। विशेषज्ञों के अनुसार, बार-बार दरवाजा खोलने से हर कूलिंग साइकिल में बिजली की खपत लगभग 20 प्रतिशत तक बढ़ सकती है। इसलिए बार-बार फ्रिज खोलने की आदत लंबे समय में बिजली के बिल पर असर डाल सकती है।
किन कारणों से बढ़ती है फ्रिज की बिजली खपत?
- फ्रिज का आकार
बड़े आकार के रेफ्रिजरेटर को ठंडा बनाए रखने के लिए छोटे फ्रिज की तुलना में अधिक बिजली की जरूरत होती है।
- तापमान की सेटिंग
यदि फ्रिज का तापमान जरूरत से ज्यादा कम रखा जाता है, तो कंप्रेसर अधिक समय तक चलता है और बिजली की खपत बढ़ जाती है।
- बार-बार दरवाजा खोलना
हर बार गर्म हवा अंदर जाने से फ्रिज को दोबारा ठंडा करने के लिए अतिरिक्त ऊर्जा खर्च करनी पड़ती है।
- कमरे का तापमान
यदि फ्रिज ऐसी जगह रखा गया है जहां तापमान बहुत ज्यादा रहता है या सीधे धूप पड़ती है, तो उसकी बिजली खपत बढ़ सकती है।
- जरूरत से ज्यादा सामान भरना
फ्रिज में अत्यधिक सामान रखने से ठंडी हवा का प्रवाह प्रभावित होता है, जिससे कूलिंग सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
- समय पर मेंटेनेंस न करना
यदि डोर सील ढीली हो, कॉइल पर धूल जमी हो या फ्रिज की सफाई नियमित रूप से न की जाए, तो उसकी कार्यक्षमता कम हो जाती है और बिजली की खपत बढ़ सकती है।
एक दिन में कितनी बिजली खर्च होती है?
घरेलू फ्रिज की बिजली खपत उसके आकार, स्टार रेटिंग, उपयोग के तरीके और आसपास के तापमान पर निर्भर करती है। सामान्य तौर पर एक घरेलू फ्रिज प्रतिदिन लगभग 1 से 2 यूनिट (kWh) बिजली की खपत करता है। औसतन यह करीब 1.2 यूनिट प्रतिदिन, लगभग 36 यूनिट प्रति माह और करीब 438 यूनिट सालाना बिजली खर्च कर सकता है।
सामान्य से अधिक हो सकती है खपत
हालांकि यदि फ्रिज का दरवाजा बार-बार खोला जाए, उसे जरूरत से ज्यादा भरा जाए या गर्म स्थान पर रखा जाए, तो बिजली की खपत सामान्य से अधिक हो सकती है। दूसरी ओर, 5-स्टार एनर्जी रेटिंग वाले फ्रिज अपेक्षाकृत कम बिजली खर्च करते हैं और लंबे समय में बिजली के बिल को कम रखने में मददगार साबित होते हैं।
बिजली बचाने के आसान उपाय
* एक बार में जरूरत का सारा सामान निकालें ताकि फ्रिज बार-बार न खोलना पड़े।
* दरवाजा खुला छोड़ने से बचें और तुरंत बंद करें।
* फ्रिज को गैस चूल्हे या सीधी धूप से दूर रखें।
* डोर सील और कॉइल की नियमित सफाई करें।
* अपनी जरूरत के अनुसार ही तापमान सेट करें और फ्रिज में जरूरत से ज्यादा सामान न भरें।
इन छोटी-छोटी आदतों को अपनाकर न केवल बिजली का बिल कम किया जा सकता है, बल्कि फ्रिज की उम्र और उसकी कूलिंग क्षमता भी लंबे समय तक बेहतर बनी रहती है।
Written By Toshi Shah










.jpg)




