
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए 4 जुलाई से शुरू होने वाले शोक कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस अवसर पर दुनिया के विभिन्न देशों के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल तेहरान पहुंचने लगे हैं। भारत की ओर से भी एक प्रतिनिधिमंडल समारोह में शामिल हुआ, जिसमें जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विदेश मामलों के विशेषज्ञ सलमान खुर्शीद तथा अन्य शिया समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने सलात-अल-जनाज़ा अदा कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
दो करोड़ से अधिक लोगों के जुटने का अनुमान
अंतिम संस्कार समारोह में भाग लेने के लिए तेहरान में दो करोड़ से अधिक लोगों के जुटने का अनुमान है। 4 जुलाई से शुरू होने वाले शोक कार्यक्रम 9 जुलाई तक जारी रहेंगे। इसके बाद खामेनेई के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक शहर मशहद ले जाकर सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
36 वर्षों तक देश का नेतृत्व किया था खामेनेई
अयातुल्लाह अली खामेनेई ने लगभग 36 वर्षों तक ईरान के सर्वोच्च नेता के रूप में देश का नेतृत्व किया। 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हवाई हमले में उनकी मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद पश्चिम एशिया में तनाव तेजी से बढ़ा और व्यापक सैन्य संघर्ष शुरू हो गया। हालात इतने गंभीर हो गए कि होर्मुज जलडमरूमध्य का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ा। इसका प्रभाव भारत सहित कई देशों में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी के रूप में देखने को मिला।
शहर में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन
ईरानी प्रशासन ने 7 जुलाई को क़ोम शहर में विशेष धार्मिक सभाओं और शोक कार्यक्रमों का आयोजन भी निर्धारित किया है। अधिकारियों का कहना है कि छह दिनों तक चलने वाले इन आयोजनों में करोड़ों लोग शामिल हो सकते हैं। पूरे देश में खामेनेई की याद में बड़े-बड़े पोस्टर, बैनर और होर्डिंग लगाए गए हैं।
ईरान के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को भेजा था निमंत्रण
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भेजा था। हालांकि, पहले से निर्धारित विदेशी कार्यक्रमों के कारण प्रधानमंत्री इसमें शामिल नहीं हो सके। सरकारी सूत्रों के अनुसार, भारत की ओर से बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
Written By Toshi Shah















