
महाराष्ट्र के लोनावला ग्रामीण क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक लोहगढ़ किले में हुई एक युवक की मौत का मामला पुलिस जांच में हत्या का निकला। इस सनसनीखेज घटना में पुलिस ने मृतक की मंगेतर और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर युवक को किले से नीचे धक्का देकर उसकी हत्या कर दी और बाद में इसे हादसा साबित करने की कोशिश की।
पुलिस ने मामले पर क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को केतन अग्रवाल और उसकी मंगेतर सिया गोयल लोनावला के पास स्थित लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। दोनों की सगाई फरवरी 2026 में हुई थी और जल्द ही उनकी शादी होने वाली थी। घटना के दिन सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच सिया ने परिजनों और पुलिस को फोन कर बताया कि केतन का पैर फिसल गया, जिससे वह किले से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए की जांच की मांग
सूचना मिलने पर पुलिस, किले के सुरक्षा गार्ड और दोनों परिवारों के सदस्य मौके पर पहुंचे। पहले तो मामला दुर्घटना का प्रतीत हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। हालांकि जांच के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने पुलिस का शक बढ़ा दिया। पता चला कि केतन को ट्रेकिंग का काफी अनुभव था और वह नियमित रूप से ट्रेकिंग गतिविधियों में हिस्सा लेता था। ऐसे में उसका अचानक संतुलन खोकर गहरी खाई में गिरना संदिग्ध माना गया। वहीं मृतक के परिजनों ने भी घटना पर संदेह जताते हुए विस्तृत जांच की मांग की।
जांच के दौरान हुआ बड़ा खुलासा
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल रिकॉर्ड, गवाहों के बयान और सूत्रों से मिली जानकारी का विश्लेषण किया। इसके बाद एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, सिया गोयल की पहचान चेतन चौधरी नामक युवक से थी। दोनों पिछले लगभग एक वर्ष से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच करीबी संबंध थे।
सिया और चेतन ने मिलकर रची केतन की हत्या की साजिश!
आरोप है कि सिया और चेतन ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत केतन को लोहगढ़ किले पर ले जाया गया और मौका देखकर उसे नीचे धक्का दे दिया गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Written By: Geeta Sharma



.png)











