
तमिलनाडु विधानसभा में मंगलवार को मुख्यमंत्री विजय का संबोधन चर्चा का विषय बन गया। बात दें, विधानसभा में दिए गए उनके भाषण के दौरान जहां DMK सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। वहीं भाषण के अंत में विजय द्वारा किया गया एक खास फिल्मी इशारा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
सीएम विजय ने DMK सरकार पर बोला हमला
विजय ने अपने संबोधन में DMK सरकार की कार्यशैली और भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला। उनके आरोपों का विरोध करते हुए DMK विधायकों ने सदन में शोर-शराबा किया और वॉकआउट कर दिया। विधानसभा का माहौल कुछ समय के लिए काफी गर्म हो गया, लेकिन इसके बावजूद विजय ने अपना भाषण पूरा किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ विजय का फिल्मी अंदाज
हालांकि पूरे घटनाक्रम का सबसे चर्चित पल भाषण के समापन के समय देखने को मिला। भाषण खत्म करने से पहले विजय ने स्पीकर से अनुमति मांगी और फिर अपने पुराने फिल्मी अंदाज में हाथ का विशेष इशारा किया। सदन में मौजूद कई विधायक मुस्कुराते नजर आए और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सदन गूंज उठा। कुछ ही समय में इसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया।
सीएम विजय की स्टालिन से क्यों हो रही तुलना
कई लोगों ने विजय के इस इशारे की तुलना तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के चर्चित हाथ के इशारे से की। इसी वर्ष कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के बाद DMK मुख्यालय से निकलते समय स्टालिन ने हाथ उठाकर एक संकेत दिया था, जिसे सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा मिली थी। बाद में स्टालिन ने स्पष्ट किया था कि वह केवल पत्रकारों के सवालों का सहज जवाब था।
विजय अपने संबोधन में क्या कहा?
अपने संबोधन में विजय ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी केवल एक फिल्म स्टार की लोकप्रियता के आधार पर नहीं बनी है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ने पहले जनता के बीच काम किया और उसके बाद राजनीतिक संगठन का निर्माण किया। विजय ने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ा और 35 प्रतिशत वोट हासिल कर एक बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरी।
Written By: Geeta Sharma















