
अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद अब भारतीय टीम की नजरें आयरलैंड दौरे पर हैं। इस दौरे की सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर है। जिन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 टीम में जगह मिली है। आईपीएल 2026 में 700 से अधिक रन बनाकर सुर्खियां बटोरने वाले वैभव अब सीनियर टीम इंडिया के लिए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने के बेहद करीब हैं।
2007 में रोहित शर्मा ने खेला था अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच
रोहित शर्मा ने वर्ष 2007 में आयरलैंड के बेलफास्ट स्थित सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब मैदान पर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। वह मुकाबला वनडे प्रारूप में था। हालांकि, रोहित को अपने डेब्यू मैच में बल्लेबाजी करने का अवसर नहीं मिला था। आयरलैंड ने भारत के सामने 194 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय टीम ने सौरव गांगुली और गौतम गंभीर की शानदार पारियों की बदौलत आसानी से हासिल कर लिया। भारत ने वह मुकाबला 9 विकेट से जीता और इसी मैच से रोहित के अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत हुई।
लगभग 2 दशक बाद वैभव सूर्यवंशी कर सकते है इंटरनेशनल डेब्यू
अब लगभग 2 दशक बाद उसी बेलफास्ट के मैदान पर एक और युवा भारतीय खिलाड़ी अपने करियर की शुरुआत कर सकता है। वैभव सूर्यवंशी का हालिया प्रदर्शन उन्हें प्लेइंग इलेवन का मजबूत दावेदार बनाता है। टी20 क्रिकेट में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और तेज रन बनाने की क्षमता ने चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन का ध्यान खींचा है।
26 जून को होने वाले टी20 मुकाबला वैभव के लिए बना अहम
अगर वैभव को 26 जून को होने वाले पहले टी20 मुकाबले में मौका मिलता है, तो वह ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे। ऐसे में उनके पास डेब्यू मैच में बल्लेबाजी करने और अपनी छाप छोड़ने का सुनहरा अवसर होगा। रोहित शर्मा जहां अपने पहले मैच में बल्ला नहीं चला पाए थे, वहीं वैभव शुरुआत से ही मैदान पर उतरकर बड़ा प्रभाव छोड़ सकते हैं।
भारत और आयरलैंड के बीच खेली जाएगी टी20 सीरीज
भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। पहला मुकाबला 26 जून और दूसरा 28 जून को बेलफास्ट में होगा। क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या वैभव सूर्यवंशी उसी मैदान पर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज करेंगे, जहां कभी रोहित शर्मा ने अपने सुनहरे सफर की शुरुआत की थी
Written By: Geeta Sharma















