
महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कई दिनों से चर्चा का विषय बना हुआ ‘ऑपरेशन टाइगर’ अब सफल होता दिखाई दे रहा है। राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को बड़ा राजनीतिक फायदा मिलने की संभावना है, क्योंकि उद्धव ठाकरे गुट के 6 बागी सांसद आज आधिकारिक रूप से शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। इस घटनाक्रम को ठाकरे गुट के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
6 बागी सांसद शिंदे गुट में हो सकते है शामिल
जानकारी के अनुसार, इन छह सांसदों के पार्टी प्रवेश की औपचारिक घोषणा आज दोपहर 3 बजे मुंबई स्थित वाई. बी. चव्हाण सेंटर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की जाएगी। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्वयं उपस्थित रहेंगे। उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर नए शामिल होने वाले सांसदों का स्वागत किया जाएगा और उनकी भविष्य की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणाएं किए जाने की संभावना है।
‘ऑपरेशन टाइगर’ बना चर्चा का विषय
पिछले एक सप्ताह से महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में ‘ऑपरेशन टाइगर’ की चर्चा जोरों पर थी। लगातार ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि ठाकरे गुट के कुछ प्रभावशाली नेता और जनप्रतिनिधि शिंदे गुट के संपर्क में हैं। हालांकि दोनों पक्षों की ओर से इस पर खुलकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी, लेकिन अब छह सांसदों के पार्टी में शामिल होने की खबरों ने इन अटकलों को लगभग सच साबित कर दिया है।
शिवसेना के दोनों गुटों के बीच टकराव
दूसरी ओर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना (UBT) गुट की चिंताएं बढ़ गई है। लगातार हो रहे राजनीतिक बदलावों और नेताओं के पलायन से संगठन को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना के दोनों गुटों के बीच टकराव और अधिक तीखा हो सकता है।
Written By: Geeta Sharma















