
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में रविवार को एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा सामने आया, जहां पेरियापालयम के पास मंजांगरानाई स्थित एक निजी सीफूड प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। इस हादसे में 7 महिला कर्मचारियों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 67 अन्य कर्मचारियों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन और बचाव एजेंसियां मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
फैक्ट्री में हुआ अचानक अमोनिया गैस का रिसाव
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने लगी। कई कर्मचारी बेहोश हो गए और उन्हें सांस लेने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा प्रभावित कर्मचारियों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।
67 कर्मचारियों को स्थानीय मेडिकल सेंटरों में कराया गया भर्ती
तिरुवल्लूर जिला कलेक्टर एस. कविता ने बताया कि गैस रिसाव से प्रभावित 67 कर्मचारियों को स्थानीय मेडिकल सेंटरों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 46 मरीजों का इलाज वेल्स अस्पताल में और 21 मरीजों का इलाज वेंकटेश्वर अस्पताल में चल रहा है। गंभीर रूप से प्रभावित 9 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए चेन्नई के सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
जिला प्रशासन ने NDRF की चौथी बटालियन से सहायता मांगी
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने अरक्कोणम स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की चौथी बटालियन से सहायता मांगी। इसके बाद केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर (CBRN) बचाव कार्यों में प्रशिक्षित 30 सदस्यीय विशेष टीम को चेन्नई से घटनास्थल पर रवाना किया गया। टीम आवश्यक सुरक्षा उपकरण, गैस डिटेक्टर और विशेष बचाव सामग्री के साथ मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही
एक निजी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि भर्ती किए गए मरीजों में अधिकांश 24 से 25 वर्ष आयु वर्ग की युवा महिलाएं हैं। कई मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, 15 से 16 मरीजों को इंट्यूबेट किया गया है और 11 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। हालांकि मरीजों की उम्र कम होने के कारण उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रशासन ने मामले की जांच के दिए आदेश
प्रशासन ने फैक्ट्री में गैस रिसाव के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। जानकारी के अनुसार, किसी वाल्व में खराबी के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
Written By: Geeta Sharma















