
T20 क्रिकेट के इतिहास में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अब वेस्टइंडीज के विस्फोटक ऑलराउंडर Kieron Pollard के नाम हो गया है। उन्होंने करीब 12 वर्षों से शीर्ष स्थान पर काबिज रहे Chris Gayle को पीछे छोड़ते हुए T20 क्रिकेट के नए रन किंग बनने का गौरव हासिल किया है।
किरोन पोलार्ड ने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल
अमेरिका में खेली जा रही Major League Cricket के 2026 सीजन में MI न्यूयॉर्क की ओर से खेलते हुए पोलार्ड ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। डलास में खेले गए मुकाबले में उन्होंने मात्र 56 गेंदों पर शानदार 100 रन की नाबाद पारी खेली। इस विस्फोटक शतक के दौरान उन्होंने T20 क्रिकेट में अपने कुल रनों की संख्या 14,582 तक पहुंचा दी, जिससे वह 14,562 रन बनाने वाले क्रिस गेल से आगे निकल गए।
पोलार्ड ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड
क्रिस गेल को लंबे समय तक T20 क्रिकेट का सबसे खतरनाक बल्लेबाज माना जाता रहा है। उन्होंने 2014 के बाद से इस फॉर्मेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में अपना दबदबा बनाए रखा था। उनकी यह बादशाहत एक दशक से भी अधिक समय तक कायम रही। हालांकि अब पोलार्ड ने उन्हें पीछे छोड़कर इतिहास रच दिया है।
अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं पोलार्ड
39 वर्षीय पोलार्ड केवल बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 736 T20 मैच खेले हैं, जो इस फॉर्मेट में किसी भी खिलाड़ी द्वारा खेले गए सबसे ज्यादा मुकाबले हैं। उनके नाम 14 हजार से अधिक रन और 333 विकेट दर्ज हैं। वह T20 क्रिकेट के इतिहास में 10,000 से ज्यादा रन और 300 से अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं।
पोलार्ड के नाम 405 कैच दर्ज
इसके अलावा पोलार्ड के नाम 405 कैच भी दर्ज हैं, जो इस फॉर्मेट में किसी भी खिलाड़ी द्वारा लिए गए सबसे ज्यादा कैच हैं। उन्होंने अपने करियर में 986 छक्के भी लगाए हैं और इस सूची में वह केवल क्रिस गेल से पीछे हैं, जिनके नाम 1,056 छक्के दर्ज हैं।
T20 क्रिकेट के सबसे महान खिलाड़ियों में शामिल हुए पोलार्ड
पोलार्ड की उपलब्धियां यहीं खत्म नहीं होतीं। वह 18 T20 फाइनल जीतने वाली टीमों का हिस्सा रह चुके हैं और T20 विश्व कप, IPL, CPL, BPL, ILT20 तथा मेजर लीग क्रिकेट जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में खिताब जीत चुके हैं। इस नए रिकॉर्ड के साथ कायरन पोलार्ड ने खुद को T20 क्रिकेट के सबसे महान खिलाड़ियों में शामिल कर लिया है।
Written By: Geeta Sharma















