
मालवीय नगर के हौज रानी क्षेत्र में स्थित एक रेस्टोरेंट में आग लगने की घटना के दौरान असाधारण साहस दिखाने वाले रोहित मुखिया को दिल्ली सरकार ने विशेष सम्मान देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है, साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रोहित के पूरी तरह स्वस्थ होने तक उनके इलाज का संपूर्ण खर्च सरकार वहन करेगी।
सीएम ने रोहित के नाम भेजे भावनात्मक संदेश
मुख्यमंत्री ने रोहित के नाम एक भावनात्मक संदेश भेजते हुए उनकी बहादुरी की सराहना की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी रोहित ने अद्वितीय साहस, जिम्मेदारी और मानवता का परिचय दिया है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि दिल्ली सरकार इस कठिन समय में उनके परिवार के साथ हर कदम पर खड़ी रहेगी।
जिलाधिकारी रोहित के घर पहुंचे और उनके परिजनों से की मुलाकात
सीएम के निर्देश पर पश्चिमी दिल्ली के जिलाधिकारी रोहित के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया। प्रशासन की ओर से यह भरोसा भी दिलाया गया कि उपचार और अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
3 जून को मालवीय नगर में लगी थी भीषण आग
बता दें कि 3 जून को हौज रानी स्थित एक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग भड़क उठी थी। उस समय रोहित मुखिया रेस्टोरेंट के किचन में कार्यरत थे। आग लगने के बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा की चिंता किए बिना सबसे पहले अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार, उनके गांव के दो साथी इमारत की पहली मंजिल पर फंसे हुए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रोहित तुरंत उन्हें बचाने के लिए ऊपर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर राहत कार्य में जुट गए।
कई लोगों की जान बचाने में रोहित ने की मदद
रोहित की इस बहादुरी ने कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके साहसिक कदम की पूरे इलाके में सराहना हो रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी कहा कि रोहित ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की है, जो समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
Written By Toshi Shah










.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
