
भारत में इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इसी ट्रेंड को देखते हुए JSW MG Motor India अपनी पहली प्लग-इन हाइब्रिड SUV लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। जानाकरी के अनुसार, कंपनी Wuling Starlight 560 को MG ब्रांडिंग के साथ भारतीय बाजार में पेश कर सकती है। यह मॉडल कंपनी की मौजूदा SUV लाइनअप में MG Hector से ऊपर की श्रेणी में रखा जा सकता है और प्रीमियम ग्राहकों को लक्षित करेगा।
बड़ी फैमिली SUV के रूप में होगी पेशकश
जानकारी के मुताबिक, यह SUV लगभग 4,745 मिमी लंबी होगी और इसका व्हीलबेस 2,810 मिमी रहेगा। बड़े आकार की वजह से इसमें पर्याप्त केबिन स्पेस मिलने की उम्मीद है। भारतीय बाजार में इसे 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन के साथ उतारा जा सकता है, जिससे यह बड़े परिवारों के लिए एक आकर्षक विकल्प बन सकती है।
प्लग-इन हाइब्रिड तकनीक होगी सबसे बड़ी ताकत
नई SUV में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 20.5 kWh क्षमता का बैटरी पैक दिए जाने की संभावना है। प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम की मदद से वाहन सीमित दूरी तक केवल इलेक्ट्रिक मोड में भी चल सकेगा। दावा किया जा रहा है कि यह एक बार चार्ज होने पर करीब 100 किलोमीटर तक की इलेक्ट्रिक रेंज प्रदान कर सकती है। बैटरी खत्म होने के बाद पेट्रोल इंजन सक्रिय होकर लंबी दूरी की यात्रा को आसान बनाएगा।
दमदार और आधुनिक डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो SUV को आधुनिक और प्रीमियम लुक देने पर खास ध्यान दिया गया है। इसके फ्रंट में बड़ा ग्रिल देखने को मिल सकता है, जो इसकी सड़क पर मौजूदगी को मजबूत बनाता है। साथ ही 18-इंच के अलॉय व्हील्स इसके आकर्षण को और बढ़ाएंगे। कंपनी ने इसके एक्सटीरियर को युवाओं और पारिवारिक ग्राहकों दोनों की पसंद को ध्यान में रखकर तैयार किया है।
फीचर्स में मिल सकती है आधुनिक तकनीक
संभावित फीचर्स की सूची में 12.8-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और कनेक्टेड कार तकनीक शामिल हो सकती है। इसके अलावा आरामदायक सीटिंग, विशाल केबिन और कई स्मार्ट फीचर्स इसे प्रीमियम SUV सेगमेंट में मजबूत दावेदार बना सकते हैं।
भारतीय बाजार में बढ़ सकती है PHEV विकल्पों की संख्या
फिलहाल भारत में प्लग-इन हाइब्रिड वाहनों के विकल्प सीमित हैं, क्योंकि इस तकनीक वाली गाड़ियां आमतौर पर महंगी होती हैं। यदि MG इस मॉडल को प्रतिस्पर्धी कीमत पर लॉन्च करती है, तो यह ग्राहकों को इलेक्ट्रिक और पेट्रोल दोनों तकनीकों का संतुलित अनुभव देने वाला एक आकर्षक विकल्प साबित हो सकती है।
Written By Toshi Shah















