
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज यानी 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है। संगठन पहली बार राजधानी में इस पैमाने का सार्वजनिक कार्यक्रम करने जा रहा है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के अनुसार, वह सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचेंगे और प्रदर्शन शुरू होने से पहले पुलिस से आवश्यक अनुमति एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी करेंगे। इसके बाद सुबह 9 बजे से कार्यक्रम शुरू करने की योजना है।
इन मुद्दो पर होगा प्रदर्शन
सोशल मीडिया पर CJP की मजबूत उपस्थिति है और उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं। ऐसे में इस प्रदर्शन में लोगों की भागीदारी पर सभी की नजर रहेगी। संगठन का आरोप है कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था से बड़ी संख्या में छात्र निराश हैं और उनके भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। पार्टी ने नीट पेपर लीक विवाद, CBSE परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों और OSM संबंधी मामलों को भी अपनी चिंताओं में शामिल किया है।
एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें- पार्टी के प्रवक्ता
संगठन ने कहा है कि यह प्रदर्शन किसी भी राजनीतिक विचारधारा या दल से जुड़े लोगों के लिए खुला रहेगा। CJP ने देशभर के छात्रों, अभिभावकों और युवाओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में भाग लें। प्रदर्शन से पहले जारी एक वीडियो संदेश में पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका और वरुण दास ने कहा कि अब समय आ गया है जब लोग शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें।
प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
पार्टी नेताओं के अनुसार, अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंचने के बाद संबंधित अधिकारियों और पुलिस से संपर्क करेंगे तथा कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जंतर-मंतर पहुंचेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण रहेगा। CJP ने दावा किया कि छात्र समुदाय कई समस्याओं से जूझ रहा है। इसी संदर्भ में संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया है। पार्टी ने समर्थकों से कहा है कि वे संभव हो तो समूह में आएं, किसी भी प्रकार के विवाद या उकसावे से बचें और प्रदर्शन में शामिल होने से पहले भोजन अवश्य कर लें। संगठन ने दोहराया कि उसका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और किसी भी प्रकार की हिंसा को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन का समय और स्थान
पार्टी द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, विरोध प्रदर्शन 6 जून को सुबह 9 बजे पार्लियामेंट स्ट्रीट क्षेत्र स्थित जंतर-मंतर में आयोजित किया जाएगा। प्रतिभागियों को पहले पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के निकट एकत्र होने की सलाह दी गई है।
प्रतिभागियों के लिए जारी निर्देश
CJP ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों के लिए कुछ दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। संगठन ने राष्ट्रीय ध्वज और एक पुस्तक साथ लाने, कार्यक्रम की गतिविधियों को रिकॉर्ड करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी है। इसके अलावा गर्म मौसम को देखते हुए पर्याप्त पानी पीने, सनस्क्रीन का उपयोग करने और टोपी पहनने की भी अपील की गई है।
Written By Toshi Shah









.jpg)





