
बिहार की राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक फैजल खान,जिन्हें खान सर के नाम से जाना जाता है। इन दिनों विवादों में घिरे हुए है। दरअसल, उनकी कोचिंग के बाहर हुई फायरिंग और मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही कदमकुआं थाना में दर्ज FIR के बाद पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। इस पूरे मामले में खान सर के कई दावों पर भी सवाल उठ रहे हैं,जिन्हें उनके विरोधी और जांच से जुड़े सूत्र झूठा बता रहे हैं।
क्या है पूरा मामला ?
यह पूरा मामला 2 जून की रात का है,जब पटना स्थित खान सर की कोचिंग के बाहर जमकर हंगामा हुआ। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए,जिनमें मारपीट और फायरिंग जैसी गतिविधियां दिखाई दीं। मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं,जांच के दौरान सामने आए वीडियो में खान सर के सुरक्षा गार्ड कथित तौर पर फायरिंग करते दिखाई दिए,जिसके बाद पुलिस ने 2 गार्डों को गिरफ्तार कर लिया।
खान सर के इन 4 दावों पर उठे सवाल
1. खान सर पर पहला आरोप उनके बदलते बयानों को लेकर है। घटना के तुरंत बाद उन्होंने दावा किया था कि कुछ कोचिंग माफिया और असामाजिक तत्वों ने उनकी कोचिंग पर हमला किया तथा 8 से 10 राउंड फायरिंग की। हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान को बदलते हुए कहा कि उन्होंने जल्दबाजी में यह बात कही थी। इस बदलाव ने उनके शुरुआती दावे पर सवाल खड़ कर दिया।
2. दूसरा विवाद फायरिंग को लेकर है। खान सर ने शुरुआत में बाहरी हमलावरों पर फायरिंग का आरोप लगाया था,लेकिन जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में उनके ही सुरक्षा कर्मी हथियार चलाते नजर आए। पुलिस ने संबंधित गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की,जिसके बाद खान सर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया।
3. तीसरा दावा उस घायल गार्ड को लेकर था,जिसके बारे में खान सर ने कहा था कि वह उनका निजी सुरक्षा गार्ड है और हमले में उसका सिर फट गया। लेकिन जांच में सामने आया कि घायल व्यक्ति किसान कोल्ड स्टोरेज का गार्ड था,जहां खान सर और रौशन आनंद की कोचिंग संचालित होती है। संबंधित गार्ड ने भी कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह खान सर का कर्मचारी नहीं था।
4. चौथा विवाद हमले के कारण को लेकर है। खान सर ने कहा था कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता और सस्ते कोर्स की वजह से प्रतिस्पर्धी संस्थान उनकी कोचिंग को बंद कराना चाहते हैं। हालांकि जांच में सामने आया कि विवाद की शुरुआत ज्ञान बिंदु कोचिंग के पोस्टर को हटाने से हुई थी। आरोप है कि कोल्ड स्टोरेज के गार्ड द्वारा पोस्टर हटाए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा और मारपीट की नौबत आ गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हालांकि आरोपों और दावों की अंतिम सच्चाई अदालत और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इस बीच, पटना के चर्चित शिक्षा जगत में यह मामला चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।
Written By: Geeta Sharam















