
कर्नाटक की राजनीति में आज एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलने वाला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार (D. K. Shivakumar) आज राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। बेंगलुरु में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में उनके साथ लगभग 10 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। राज्य में राजनीतिक और सामाजिक संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से दो से तीन उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने की चर्चा भी तेज है। इस दौड़ में G. Parameshwara का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। मंत्रिमंडल के गठन को लेकर पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व के साथ लगातार बैठकों का दौर चल रहा था, जिसके बाद कैबिनेट के स्वरूप पर अंतिम निर्णय लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई अहम बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) के आवास पर हुई अहम बैठक में डी.के. शिवकुमार और सिद्दरमैया (Siddaramaiah) ने मंत्रियों के नामों पर चर्चा की। बैठक में खरगे के साथ लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi)संगठन महासचिव (केसी वेणुगोपाल) K. C. Venugopal और कर्नाटक के प्रभारी कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला (Randeep Singh Surjewala) भी मौजूद रहे।
4 मंत्रीयों को किया जाएगा नियुक्त
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व ने सिद्दरमैया को भरोसा दिलाया है कि राज्य के सामाजिक समीकरणों, विशेष रूप से उनके ‘अहिंदा’ आधार को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल में उनके समर्थकों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। बैठक के बाद सिद्दरमैया और शिवकुमार ने के.सी. वेणुगोपाल तथा रणदीप सुरजेवाला के साथ अलग-अलग दौर की चर्चा भी की। गौरतलब है कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 34 मंत्री ही नियुक्त किए जाएंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि पहले चरण में सीमित संख्या में मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, जबकि शेष विस्तार बाद में किया जा सकता है।
Written By Toshi Shah















