
राजा शिवाजी ने मराठी सिनेमा के इतिहास में वह कर दिखाया है, जिसकी लंबे समय से उम्मीद की जा रही थी। रितेश देशमुख स्टारर और निर्देशित इस ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म लगातार चौथे हफ्ते तक दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है। मराठी और हिंदी दोनों भाषाओं में रिलीज हुई इस फिल्म को देशभर के दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिला है।
फिल्म में रितेश देशमुख समेत कई दिग्गज कलाकार
फिल्म में रितेश देशमुख के अलावा जेनेलिया डिसूजा, अभिषेक बच्चन, संजय दत्त और विद्या बालन जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। वहीं सलमान खान का कैमियो भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण बना। दमदार कहानी, भव्य सेट्स और शानदार अभिनय के दम पर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता हासिल की है।
फिल्म ने किया 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार
मेकर्स के मुताबिक, ‘राजा शिवाजी’ ने रिलीज के 24 दिनों के भीतर भारत में 101.4 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इसके साथ ही यह भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली मराठी फिल्म बन गई है। इस उपलब्धि ने मराठी सिनेमा को एक नई पहचान दी है और इंडस्ट्री के लिए नया अध्याय खोल दिया है।
सुपरहिट मराठी फिल्म सैराट को पीछे छोड़ा
फिल्म ने सिर्फ 100 करोड़ क्लब में एंट्री ही नहीं की,बल्कि मराठी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। इसने सुपरहिट मराठी फिल्म सैराट के 90 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा फिल्म ने दुनियाभर में 114 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ऑल टाइम हाईएस्ट ग्रॉसिंग मराठी फिल्म का खिताब भी हासिल कर लिया है।
रितेश देशमुख के करियर की 10वीं 100 करोड़ की फिल्म
यह फिल्म रितेश देशमुख के करियर की 10वीं 100 करोड़ कमाने वाली फिल्म बन चुकी है। खास बात यह है कि उनकी पिछली सभी 100 करोड़ वाली फिल्में बॉलीवुड की मल्टीस्टारर कमर्शियल फिल्में थीं, जबकि ‘राजा शिवाजी’ एक क्षेत्रीय और खुद के निर्देशन में बनी फिल्म है। ऐसे में यह उपलब्धि उनके करियर की सबसे बड़ी सफलताओं में गिनी जा रही है।
‘राजा शिवाजी’ अपने नाम किया कई रिकॉर्ड
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन ही 11.7 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेकर मराठी सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनर बनने का रिकॉर्ड भी बनाया था। लगातार शानदार कमाई को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ‘राजा शिवाजी’ कई और नए रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।
Written By: Geeta Sharma















