
Twisha Sharma Death News: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में रविवार को दूसरा पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया। दिल्ली एम्स से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने करीब चार घंटे तक जांच प्रक्रिया पूरी की। पोस्टमार्टम सुबह लगभग 11 बजे शुरू हुआ था और दोपहर बाद समाप्त हुआ। पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को ट्विशा की बॉडी सौंप दी गई। जिसके बाद ट्विशा को लाल जोड़े में अर्थी पर लिटाया गया। शाम करीब सवा पांच बचे भदभदा विश्राम घाट पर त्विषा का अंतिम संस्कार किया गया। त्विषा के भाई ने चिता को मुखाग्नि दी।
दूसरे पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इस पूरे मामले पर प्रदेशभर की नजरें टिकी हुई हैं। परिवार,रिश्तेदार और करीबी लोग अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हुए हैं,वहीं दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार भी बढ़ता जा रहा है। माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट से मौत के कारणों को लेकर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं और अब तक उठ रहे सवालों के जवाब मिल सकते हैं।
ट्विशा शर्मा के पिता के पहले पोस्टमार्टम जताया था संदेह
दरअसल,ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने पहले पोस्टमार्टम पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। उनका आरोप था कि शुरुआती जांच में कई महत्वपूर्ण पहलुओं की सही तरीके से जांच नहीं की गई। इसी को लेकर उन्होंने शनिवार को दिल्ली एम्स द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड को पत्र लिखकर विस्तृत और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। परिवार ने मेडिकल बोर्ड से अपील की थी कि मामले में फॉरेंसिक,पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल जांच को भी शामिल किया जाए,ताकि किसी भी तथ्य को नजरअंदाज न किया जा सके।
सच का सामने लाना हमारा मकसद
परिवार का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी पर दबाव बनाना नहीं है,बल्कि सच को सामने लाना है। इसी कारण उन्होंने स्वतंत्र और पारदर्शी जांच की मांग की थी। परिवार की मांग के बाद ही विशेषज्ञ टीम की निगरानी में दूसरा पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस रिमांड पर समर्थ सिंह
इधर,मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। समर्थ सिंह को घटना के 12 दिन बाद गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह पुलिस रिमांड पर है। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) उससे लगातार पूछताछ कर रहा है।
जांच एजेंसियों को पूछताछ में करना पड़ा कड़ी मशक्कत
हालांकि सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों को पूछताछ में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि समर्थ सिंह कई अहम सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा है और जांच में पूरी तरह सहयोग भी नहीं कर रहा। ऐसे में एसआईटी अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट,तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल सभी की निगाहें दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।
Written By: Geeta Sharma















