
23 मई, शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले में 51 हजार से युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे है। इस दौरान कार्यक्रम को पीएम मोदी ने संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम ने कहा देशभर के हजारों युवाओं के लिए आज की दिन बेहद महत्वपूर्ण दिन है। आज के दिन 51,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र प्राप्त हुए हैं। वहीं एक आंकड़ों के मुताबिक रोजगार मेला की शुरुआत से लेकर अब तक देश भर में 18 आयोजनों के जरिए से 12 लाख नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।
'दुनिया भारत के युवाओं की प्रगति को लेकर बेहद उत्साहित'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में आयोजित रोजगार मेले के दौरान अपने संबोधन में युवाओं,रोजगार और भारत की वैश्विक पहचान को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कही। उन्होंने अपने हाल के पांच देशों के दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया आज भारत के युवाओं और देश की तकनीकी प्रगति को लेकर बेहद उत्साहित है। पीएम ने बताया कि वे दो दिन पहले ही पांच देशों की यात्रा से लौटे हैं, जहां उन्होंने कई देशों की प्रमुख कंपनियों और नेताओं से मुलाकात की। इन चर्चाओं में भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत और युवाओं की प्रतिभा की व्यापक सराहना की गई।
'दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है'
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत विभिन्न देशों के साथ नई साझेदारियां स्थापित कर रहा है ताकि देश के युवाओं को वैश्विक स्तर पर अवसर और अनुभव मिल सकें। उन्होंने अपने दौरे के दौरान अलग-अलग देशों के साथ हुई चर्चाओं का भी जिक्र किया। नीदरलैंड के साथ सेमीकंडक्टर, जल प्रबंधन, कृषि और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई। वहीं स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने पर बातचीत हुई।
पीएम ने हरित प्रौद्योगिकी और समुद्री सहयोग पर की चर्चा
इसके अलावा नॉर्वे के साथ हरित प्रौद्योगिकी और समुद्री सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के साथ रणनीतिक, ऊर्जा और तकनीकी साझेदारी को लेकर कई महत्वपूर्ण समझौते हुए। वहीं इटली के साथ रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन सभी समझौतों का सीधा लाभ भारत के युवाओं को मिलेगा और उन्हें रोजगार तथा नए अवसर प्राप्त होंगे।
भारत के विकास में युवाओं का अहम योगदान: पीएम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के युवा विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है जिसके तहत युवाओं को नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य कई क्षेत्रों में युवा नई जिम्मेदारियां संभालने के लिए तैयार हैं।
12 लाख नियुक्ति पत्र हो चुके है जारी
सरकार की 'रोजगार मेला'पहल के तहत अब तक करीब 12 लाख नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं। देशभर में अब तक 18 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया है। शनिवार को 47 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेले में चयनित युवाओं को विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नियुक्तियां दी गईं। इनमें रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग सहित कई विभाग शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यही युवा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Written By: Geeta Sharma















