
90 के दशक में अक्सर देखा जाता था कि शादी या मां बनने के बाद कई अभिनेत्रियां फिल्मों से दूरी बना लेती थीं। लेकिन अब बॉलीवुड का दौर बदल चुका है। आज की एक्ट्रेसेस न सिर्फ शादी के बाद अपने करियर को आगे बढ़ा रही हैं, बल्कि प्रेग्नेंसी के दौरान भी शूटिंग और प्रमोशन में पूरी तरह एक्टिव रहती हैं। मदर्स डे 2026 के खास मौके पर जानते हैं उन 6 अभिनेत्रियों के बारे में, जिन्होंने मां बनने के बाद भी इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान कायम रखी है।
आलिया भट्ट
आलिया भट्ट आज हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे सफल और चर्चित अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। रणबीर कपूर के साथ शादी के बाद उन्होंने नवंबर 2022 में बेटी राहा को जन्म दिया। मां बनने के बाद भी आलिया लगातार फिल्मों में व्यस्त हैं। खास बात यह है कि उन्होंने अपनी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘हार्ट ऑफ स्टोन’ की शूटिंग प्रेग्नेंसी के दौरान पूरी की थी। आने वाले समय में वह ‘अल्फा’ और ‘लव एंड वॉर’ जैसी फिल्मों में नजर आएंगी।

दीपिका पादुकोण
दीपिका पादुकोण ने हाल ही में अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की खबर साझा की है। इससे पहले उन्होंने 2024 में बेटी दुआ को जन्म दिया था। प्रेग्नेंसी के दौरान भी दीपिका अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स निभा रही हैं। हाल ही में उनकी फिल्म ‘किंग’ के सेट से कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इसके अलावा वह जल्द ही फिल्म ‘राका’ की शूटिंग शुरू करने वाली हैं, जिसमें दमदार एक्शन सीन देखने को मिलेंगे।
प्रियंका चोपड़ा
प्रियंका चोपड़ा ने जनवरी 2022 में सरोगेसी के जरिए बेटी मालती मैरी का स्वागत किया था। मां बनने के बाद भी उन्होंने अपने करियर की रफ्तार कम नहीं होने दी। फिल्मों के साथ-साथ वह इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स और प्रोडक्शन वर्क में भी काफी एक्टिव हैं। जल्द ही प्रियंका फिल्म ‘वाराणसी’ से भारतीय सिनेमा में वापसी करती दिखाई देंगी, जिसका निर्देशन एसएस राजामौली कर रहे हैं।

करीना कपूर खान
करीना कपूर खान दो बेटों, तैमूर और जेह, की मां हैं, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार फिल्मों, ओटीटी प्रोजेक्ट्स और विज्ञापनों में सक्रिय बनी हुई हैं। उन्होंने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी के दौरान आमिर खान के साथ ‘लाल सिंह चड्ढा’ की शूटिंग भी की थी। अब करीना जल्द ही मेघना गुलजार की फिल्म ‘दायरा’ में एक पुलिस ऑफिसर के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

यामी गौतम
यामी गौतम ने भी शादी और मां बनने के बाद अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। मई 2024 में उन्होंने बेटे वेदाविद को जन्म दिया था। इसके बाद भी यामी लगातार अपने प्रोफेशनल प्रोजेक्ट्स पर ध्यान दे रही हैं और दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं।

कियारा आडवाणी
कियारा आडवाणी मौजूदा दौर की सबसे पसंदीदा अभिनेत्रियों में शामिल हैं। जुलाई 2025 में उन्होंने बेटी सरायाह मल्होत्रा का स्वागत किया। मां बनने के बाद भी कियारा ने अपने काम की गति कम नहीं की। उन्होंने प्रेग्नेंसी के दौरान करीब सात महीने तक शूटिंग जारी रखी और उसी दौरान फिल्म ‘वॉर 2’ पर काम किया। आने वाले समय में वह यश के साथ फिल्म ‘टॉक्सिक’ में दिखाई देंगी।

Written By Toshi Shah


.jpg)
.jpg)



.jpg)



.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)