.jpg)
कभी-कभी जीवन की कठिन परिस्थितियां भी इंसान की असली ताकत बन जाती हैं। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी सामने आई है पैरा तीरंदाज पायल नाग की। जिन्होंने अपनी असाधारण मेहनत और जज़्बे से दुनिया भर में पहचान बनाई है। बिना दोनों हाथ और पैरों के बावजूद पायल ने पैरा आर्चरी में ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिसने न सिर्फ खेल जगत बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोगों को भावुक कर दिया है।
पायल नाग दुनिया की पहली क्वाड्रपल पैरा तीरंदाज
पायल नाग, जिन्हें दुनिया की पहली क्वाड्रपल पैरा तीरंदाजों में से एक माना जा रहा है, एक दिहाड़ी मजदूर की बेटी हैं। बताया जाता है कि 8 साल की उम्र में एक दर्दनाक हादसे में उन्हें बिजली का झटका लगा, जिससे उन्होंने अपने चारों अंग खो दिए। लेकिन इस कठिन परिस्थिति ने उनकी जिंदगी को रोकने के बजाय एक नई दिशा दी।
कोच कुलदीप वेदवान ने पायल की प्रतिभा को पहचाना
उनके जीवन में बदलाव तब आया जब कोच कुलदीप वेदवान ने उन्हें देखा और उनकी प्रतिभा को पहचाना। कहा जाता है कि उन्होंने पायल को पेंटिंग करते हुए देखा और वहीं से उनके भीतर छिपे आत्मविश्वास और धैर्य को समझा। इसके बाद उन्होंने पायल को तीरंदाजी के लिए प्रशिक्षित करना शुरू किया। कुलदीप वेदवान वही कोच हैं जिन्होंने विश्व चैंपियन पैरा आर्चर शीतल देवी को भी तैयार किया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पायल की हो रही चर्चा
पायल ने हाल ही में अप्रैल 2026 में बैंकॉक में आयोजित विश्व पैरा तीरंदाजी श्रृंखला का फाइनल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई शीर्ष खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी ही आदर्श शीतल देवी को भी पराजित किया, जिससे उनका नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया।
सोशल मीडिया पर आनंद महिंद्रा ने की पायल तारीफ
उनकी इस उपलब्धि की सराहना उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पायल और शीतल देवी की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि यह खिलाड़ी उन्हें कठिन समय में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि साहस, दृढ़ता और सकारात्मक सोच का वास्तविक अर्थ इन खिलाड़ियों से समझा जा सकता है।
इन खिलाड़ियों की कहानियां आगे बढ़ने की प्रेरणा
आनंद महिंद्रा ने यह भी बताया कि जब भी वे खुद को कमजोर महसूस करते हैं, तो वे इन खिलाड़ियों की कहानियों को याद करते हैं, जो उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
Written By: Geeta Sharma

.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)

.jpg)






