.jpg)
Pakistan News: पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने हाल ही में चीन के विदेश मंत्री वांग यी से फोन पर बातचीत की। जिसमें पश्चिम एशिया में जारी तनाव और इस्लामाबाद में हुई शांति वार्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर वैश्विक चिंता बनी हुई है।
संघर्ष दोबारा भड़कने से रोकना सबसे बड़ी प्राथमिकता
खबरों के मुताबिक वांग यी ने इस बातचीत में जोर देकर कहा कि मौजूदा हालात में सबसे बड़ी प्राथमिकता यह है कि पश्चिम एशिया में किसी भी प्रकार का संघर्ष दोबारा भड़कने से रोका जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में हासिल किए गए संघर्षविराम की गति को बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि क्षेत्र में स्थिरता कायम रह सके।
शांति बढ़ावा देने के लिए पाक के प्रयासों की सराहना की
वांग यी, जो चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य भी हैं। इन्होंने पाकिस्तान द्वारा क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उम्मीद जताई कि सभी पक्ष संयम बरतेंगे और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
शांति स्थापित के लिए व्यावहारिक माध्यम बेहतर: पाक
वहीं, इशाक डार ने भी बातचीत के दौरान पाकिस्तान की ओर से स्पष्ट किया कि वह क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए कूटनीति और संवाद को ही सबसे प्रभावी और व्यावहारिक माध्यम मानता है। उन्होंने कहा कि तनाव को कम करने और दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए बातचीत ही एकमात्र रास्ता है।
पाकिस्तान-चीन के बीच शांति पहल पर चर्चा
दोनों नेताओं ने इस दौरान पाकिस्तान-चीन की पांच सूत्रीय शांति पहल पर भी चर्चा की और भविष्य में एक-दूसरे के साथ करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। यह बातचीत पाकिस्तान में चीन के राजदूत के साथ डार की हालिया बैठक के बाद हुई, जिसमें क्षेत्रीय हालात पर विचार-विमर्श किया गया था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोले इशाक डार
गौरतलब है कि इस्लामाबाद में हाल ही में आयोजित शांति वार्ता के बाद इशाक डार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि पाकिस्तान इस तरह की वार्ताओं की मेजबानी करके सम्मानित महसूस करता है। उन्होंने अमेरिका और ईरान दोनों का आभार जताते हुए इसे न केवल पश्चिम एशिया बल्कि पूरी दुनिया की स्थिरता के लिए सकारात्मक संकेत बताया था।
Writen By: Geeta Sharma

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)