
नेपाल के काठमांडू से तुर्की के इस्तांबुल जा रही तुर्किश एयरलाइंस की एक फ्लाइट को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। विमान के एक इंजन में खराबी सामने आने के बाद पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को भारत के कोलकाता एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार दिया। इस घटना में सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
उड़ान के दौरान इंजन में आई खराबी
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, तुर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या THY-727 ने दोपहर करीब 1:30 बजे काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान ऊंचाई पकड़ते समय पायलटों को विमान के दो इंजनों में से एक में तकनीकी दिक्कत का संकेत मिला।
Kolkata Airport | Full emergency landing of Turkish 727, from Kathmandu to Istanbul at Kolkata airport. The Captain informed Kolkata ATC about a possible fire on the right engine. The aircraft is at Kolkata airport now. An inspection is going on. https://t.co/tMDpuMNJn3 pic.twitter.com/UYyE2JR7jI
— ANI (@ANI) February 4, 2026
पायलटों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पायलटों ने तुरंत काठमांडू के एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी दी। विमान को कुछ समय तक नेपाल के धाडिंग जिले के ऊपर हवा में ही रोका गया, ताकि हालात का सही आकलन किया जा सके।
लंबी उड़ान के लिए सुरक्षित नहीं था एक इंजन
जांच के बाद चालक दल इस नतीजे पर पहुंचा कि एक ही इंजन के सहारे लंबी अंतरराष्ट्रीय उड़ान जारी रखना सुरक्षित नहीं होगा। हालांकि काठमांडू या भैरहवा एयरपोर्ट पर लौटने का विकल्प मौजूद था, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को कोलकाता ले जाने का फैसला किया गया।
कोलकाता एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन तैयारियों के बीच विमान दोपहर करीब 3:03 बजे सुरक्षित रूप से लैंड कर गया। विमान में कुल 236 यात्री और 11 क्रू मेंबर सवार थे, सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
तकनीकी जांच जारी
लैंडिंग के बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
- YUKTI RAI















