
उत्तर भारत में इन दिनों मौसम ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन प्रभावित किया है। दिल्ली में सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो जाती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने यहां शीतलहर की चेतावनी जारी की है। न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री के आसपास और अधिकतम 17-20 डिग्री दर्ज किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे लखनऊ, नोएडा और सहारनपुर में भी कोहरा और शीतलहर बनी हुई है। पश्चिमी और मध्य यूपी में सुबह-शाम कोहरा ज्यादा गहरा होता है, जिससे ठंड और तीव्र महसूस हो रही है।
हिमाचल में हिमस्खलन और दुर्घटनाएं
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर और पांगी में तीन स्थानों पर हिमस्खलन हुआ है। मंगलवार देर रात हुए हादसों में तीन दुकानें और दो पिकअप वाहन दब गए। दुर्घटना के समय किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है, लेकिन दुकानों के चारों ओर बर्फ, पत्थर और कीचड़ का ढेर लग गया। सिरमौर जिले के हरिपुरधार में पर्यटकों की कार बर्फ पर फिसलकर खेत में गिर गई, जिसमें हरियाणा के पंचकूला निवासी जगपाल की मौत हो गई। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन के कारण एक स्कार्पियो कार क्षतिग्रस्त हो गई, चालक को मामूली चोटें आई हैं।
मनाली में पुलिस जवानों ने फंसे पर्यटक वाहनों को सुरक्षित निकालवाया। सोलंगनाला मार्ग पर लगभग 400 वाहन फंसे थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित निकाला गया।
उत्तराखंड में बर्फबारी और मार्ग बाधित
उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर भारी बर्फबारी से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। धनोल्टी, औली, बुरांसखंडा, काणाताल और टिहरी में पर्यटकों की आवाजाही जारी है। केदारनाथ में तीन से चार फीट बर्फ जमी हुई है। राज्य के कई क्षेत्रों में पेयजल और विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग की टीम बर्फ हटाने में जुटी है। मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और वर्षा के आसार हैं।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और हवाई यातायात प्रभावित
जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी और फिसलन के कारण दो दिन से बंद जम्मू-श्रीनगर हाईवे आंशिक रूप से खुल गया। रास्ते में फंसे वाहनों को निकाला गया। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हवाई सेवाएँ भी बहाल हो गईं। किश्तवाड़ जिले में भूस्खलन में दर्जनों मवेशी दब गए, लेकिन चरवाहे सुरक्षित रहे। कुलगाम में कार में हीटर का उपयोग करने से एक 32 वर्षीय युवक की दम घुटने से मौत हो गई। गांदरबल जिले के सोनमर्ग में मंगलवार रात हिमस्खलन हुआ, जिससे बर्फ कुछ घरों और गाड़ियों में घुस गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।
उत्तर भारत में ओलावृष्टि और तेज हवाएं
पश्चिम उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। पूर्व उत्तर प्रदेश में 30-95 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली। पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में घना कोहरा छाया रहा, दृश्यता कुछ स्थानों पर मात्र 50 मीटर रह गई। मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान पंजाब के अमृतसर में 3.7 डिग्री दर्ज किया गया। 31 जनवरी से 2 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय और उत्तर पश्चिम भारत प्रभावित रहने की संभावना है।
उत्तराखंड में मौसम में बदलाव की संभावना
उत्तराखंड में भारी वर्षा और बर्फबारी के बाद मौसम साफ हो गया है। पहाड़ों और मैदान में धूप खिलने से लोगों को राहत मिली है, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। आगामी शनिवार से एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
1 फरवरी को बारिश और हवाओं का दौर
31 जनवरी और 1 फरवरी को मौसम में बदलाव आ सकता है। तेज हवाओं के साथ बादल और बारिश की संभावना है, जिससे यूपी, एमपी और दिल्ली-एनसीआर सहित कई स्थानों पर बारिश देखने को मिल सकती है।
Written By- Anjali















