उत्तर भारत के कई राज्यों में धीरे-धीरे सर्दी का असर तेज होता जा रहा है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है, जिसके चलते उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों तक शीतलहर पहुंच सकती है। इसका प्रभाव दिल्ली, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में महसूस होने की उम्मीद है।
यूपी और पंजाब में छाया कोहरा
पंजाब, बिहार, पूर्वी यूपी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो से तीन दिनों में मध्य भारत, महाराष्ट्र और गुजरात के कई हिस्सों में रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर शीतलहर चल सकती है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
शनिवार और रविवार को दक्षिण भारत में एक नए मौसमीय सिस्टम का असर दिखने वाला है। अरुणाचल प्रदेश, असम, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा तमिलनाडु और केरल समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों में आंधी, वज्रपात और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों में अंडमान-निकोबार, तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि तमिलनाडु के कुछ इलाकों में तेज बरसात दर्ज की गई। आज भी तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, दक्षिण कर्नाटक और रायलसीमा में बारिश जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली में धुंध और प्रदूषण का कहर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह घनी धुंध छाई रहेगी। दिन भर मौसम ठंडा रहेगा और अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उधर, वायु गुणवत्ता फिर से बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई है। कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई 500 के पार दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर प्लस’ श्रेणी में माना जाता है।
हिमाचल में पारा लुढ़का, कई जगह शून्य से नीचे तापमान
हिमाचल प्रदेश में भी ठंड लगातार बढ़ रही है। अगले 3–4 दिनों में ऊंचाई वाले और मध्यम पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की कमी आ सकती है। राज्य के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान –3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री, सुंदरनगर में 4.7, भुंतर में 4.6, कल्पा में 1.8 और धर्मशाला में 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
-Shraddha Mishra

