Petrol Pump Owner Earning: जब भी पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के पार पहुंचती है तो अक्सर लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर पेट्रोल पंप मालिक को इसमें कितना फायदा होता होगा? कई लोगों को लगता है कि पेट्रोल पंप संचालक हर लीटर पर मोटा मुनाफा कमाते हैं, लेकिन असलियत इससे काफी अलग है।

पेट्रोल पंप डीलर को तेल कंपनियों की ओर से हर लीटर पेट्रोल और डीजल बेचने पर कमीशन मिलता है। हालांकि, यह पूरी रकम उसकी जेब में नहीं जाती, क्योंकि पंप चलाने के लिए कई तरह के खर्च भी करने पड़ते हैं।

100 रुपये के पेट्रोल पर कितना मिलता है कमीशन?

पेट्रोल पंप डीलर को एक लीटर पेट्रोल बेचने पर करीब 3 से 4 रुपये तक कमीशन मिलता है। 1 दिसंबर 2024 से लागू नए नियमों के मुताबिक, पेट्रोल पर हर 1,000 लीटर बिक्री के लिए करीब 3,144 रुपये का तय कमीशन मिलता है।यानी एक लीटर पेट्रोल पर लगभग 3.14 रुपये का कमीशन तय है। इसके अलावा पेट्रोल की बिल कीमत का 0.870 प्रतिशत हिस्सा भी कमीशन में जुड़ता है। दोनों को मिलाकर डीलर को लगभग 3 से 3.5 रुपये प्रति लीटर तक मिल सकते हैं।लेकिन यह पूरी रकम मुनाफा नहीं होती।

कमीशन में से निकलते हैं कई खर्च

पेट्रोल पंप चलाने में कर्मचारियों की सैलरी, बिजली का बिल, जमीन का किराया, मशीनों की देखभाल, सफाई, सुरक्षा और डिजिटल पेमेंट से जुड़े खर्च शामिल होते हैं।इन सभी खर्चों को निकालने के बाद पेट्रोल पंप मालिक के पास प्रति लीटर करीब 1 से 1.5 रुपये तक ही बच पाते हैं। यही वजह है कि पेट्रोल पंप की असली कमाई ज्यादा बिक्री पर निर्भर करती है।

एक दिन में कितनी कमाई करता है पेट्रोल पंप?

अगर कोई पेट्रोल पंप एक दिन में 1,000 लीटर पेट्रोल बेचता है तो उसे तय कमीशन के तौर पर करीब 3,144 रुपये मिल सकते हैं। वहीं अगर बिक्री बढ़कर 5,000 लीटर प्रतिदिन हो जाती है तो तय कमीशन करीब 15,720 रुपये तक पहुंच सकता है।लेकिन यह पूरी रकम मालिक की जेब में नहीं जाती। महीने भर की बिक्री के बाद भी खर्च निकालने पड़ते हैं, जिसके बाद ही असली मुनाफा तय होता है।

डीजल बेचने पर कितना मिलता है कमीशन?

डीजल पर भी पेट्रोल पंप डीलर को कमीशन मिलता है। नए नियमों के अनुसार, हर 1,000 लीटर डीजल बिक्री पर करीब 2,333 रुपये का तय कमीशन मिलता है।
यानी एक लीटर डीजल पर लगभग 2.33 रुपये का कमीशन तय है। इसके अलावा डीजल की बिल कीमत का 0.266 प्रतिशत हिस्सा भी कमीशन में जुड़ता है।अगर कोई पेट्रोल पंप रोजाना 5,000 लीटर डीजल बेचता है तो उसे तय कमीशन से करीब 11,663 रुपये मिल सकते हैं। इसमें प्रतिशत वाला कमीशन अलग से जुड़ता है।

असली कमाई बिक्री पर निर्भर करती है

पेट्रोल पंप मालिक की कमाई सिर्फ इस बात से तय नहीं होती कि एक लीटर पर कितना कमीशन मिल रहा है, बल्कि यह इस बात पर निर्भर करती है कि रोज कितने लीटर पेट्रोल और डीजल की बिक्री हो रही है।उदाहरण के लिए, अगर कोई पंप रोज 5,000 लीटर पेट्रोल बेचता है तो महीने में उसका कमीशन कई लाख रुपये तक पहुंच सकता है। लेकिन कर्मचारियों और संचालन के खर्च निकालने के बाद ही पता चलता है कि मालिक का वास्तविक मुनाफा कितना है।इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि 100 रुपये का पेट्रोल बेचने पर पंप मालिक को सीधे 4 रुपये का फायदा हो जाता है। असली कमाई बिक्री और खर्च के बीच के अंतर से तय होती है।